चुनावी शोरगुल थमा, मतदान सामग्री लेकर दल हुए रवाना, वोटिंग आज

Jun 24 2022

ग्वालियर। भीमराव अंबेडकर कालेज झांसी रोड में शुक्रवार सुबह से मुरार और घाटीगांव जनपद के लिए मतदान दलों का सामग्री वितरण शुरू हुआ। सामग्री मिलने के बाद यह दल अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होने लगे हैं। केंद्र पर पहुंचने के बाद इन्हें ओके रिपोर्ट देना होगी। सामग्री लेनदेन के दौरान एवं रवानगी के दौरान अंबेडकर कालेज में काफी भीड़ रही एवं अनाउंसमेंट करके सभी मतदान दलों को उनके स्थान पर सामग्री वितरण की जा रही थी
पंचायत चुनाव के लिए पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। शुक्रवार से मतदान केंद्रों पर मतदान दल मोर्चा संभालेंगें। शनिवार को सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा, जिसके बाद मतगणना शुरू हो जाएगी। गुरूवार को डबरा और भितरवार के लिए दलों को अधिकारिक तौर पर रवाना कर दिया गया, यह सुबह डबरा और भितरवार के केंद्रों से सामग्री लेकर अपने अपने अपने बूथ पर रवाना हो गए। शुक्रवार को सुबह आठ बजे से मुरार और घाटीगांव जनपद के लिए मतदान दलों को अंबेडकर कालेज झांसी रोड से सामग्री देकर रवाना किया गया। पंचायत चुनाव में इस बार कुल 846 मतदान केंद्र हैं।
केंद्र पर पहुंचकर देना होगी ओके रिपोर्ट
मतदान दलों को अपने अपने केंद्रों पर सामग्री लेकर पहुंचने के बाद ओके रिपोर्ट देना होगी। सामग्री लेने के बाद दल मतदान केंद्र से कहीं नहीं जा सकेगें। डबरा और भितरवार के दल अधिकारिक तौर पर बसों से गुरूवार को रवाना कर दिए गए। लेकिन यह लौट आए और शुक्रवार को सुबह अपनी सामग्री लेकर केंद्रों के लिए रवाना हुए।