युवक ससुराल जाने घर से निकला, नहर की पुलिया पर पड़ा मिला शव,परिजनों को हत्या की आशंका

Jun 22 2022

ग्वालियर। भितरवार के बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के गांव मस्तूरा स्थित नहर की पुलिया के पास एक युवक का शव मिला है। शव के पास ही युवक की बाइक भी मिली है। युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। युवक घर से ससुराल जाने की कहकर निकला था। परिजनों को युवक की हत्या की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 9 बजे के करीब ग्रामीणों को हरसी नहर की पुलिया के पास एक अज्ञात युवक मृत अवस्था में मिला। युवक की बॉडी के पास ही उसकी बाइक पड़ी हुई थी, जिसकी सूचना राहगीरों ने बेलगढा पुलिस को दी।
मृतक के आधार कार्ड से युवक की पहचान हुई। युवक का नाम बंटी जाटव पुत्र रामस्वरूप जाटव ग्राम खड़ौआ है। मृतक की मौत नहर गिरने से हुई या उसके साथ कोई घटना हुई है, इसके बारे में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
मृतक के परिजनों के अनुसार मृतक बाइक से अपनी ससुराल रिठौदन के लिए कहकर घर से निकला था। परिजन मृतक के साथ किसी अनहोनी को भी नहीं नकार रहे हैं। उनका कहना है कि वह घर से भला बिल्कुल ठीक निकला था। उसकी बाइक और शव जहां मिला है, वहां ऐसे हालात नहीं है।
थाना प्रभारी बेलगड़ा शिशिर तिवारी ने बताया कि मृतक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार ले आए हैं। परिजनों को सूचना कर दी गई है। वह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौप दिया है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।