बीएसएफ जवान ने पहली पत्नी को बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली

Jun 21 2022

ग्वालियर। बरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी से एक महिला ने सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसका पति बीएसएफ जवान है। 12 साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन अभी उसे पता लगा कि तीन साल पहले पति ने उसे बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। जब उसने विरोध जताया तो पति ने उस पर फायरिंग कर दी। किस्मत से गोली उसे नहीं लगी, लेकिन पीछे खड़ा उसका भांजा छर्रे लगने से घायल हो गया है। उसे गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अब पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना पुलिस को कड़ी कार्रवाई के लिए कहा है।
ग्वालियर के टेकनपुर पर रहने वाली उषारानी राजावत ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसएसपी अमित सांघी से शिकायत की है कि उसकी शादी 12 साल पहले 2010 में टेकनपुर एकेडमी में पदस्थ जवान राजू राजावत से हुई थी लेकिन शादी के कुछ महीने बाद ही वह उससे दहेज लाने की मांग करने लगा। दहेज की मांग पूरी न होने पर आए दिन बड़ी बेरहमी से उसकी मारपीट करता था। जिसके बाद सन 2018 में महिला ने एक बेटी को जन्म दिया तो वह नाराज हो गया और बेटी पैदा करने का ताना देकर फिर उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया और घर से निकाल दिया, जब महिला ने थाने में इसकी शिकायत की तो काउंसलिंग की गई जिसके बाद उसका पति उसे समझा बुझाकर अपने साथ घर ले गया।
 लेकिन कुछ दिन बाद दोबारा उसके साथ मारपीट करने लगा। इसी बीच में उसके पति ने उसे बिना तलाक दिए किसी और महिला के साथ शादी रचा ली। गत दिवस को महिला को पता चला कि उसके पति ने उसे बिना बताए किसी और महिला से शादी कर ली है तो उसने इसका विरोध किया तो पति ने नाराज होकर अपनी लाइसेंसी 312 बोर की बंदूक से उस पर गोली चला दी। गोली चलते देख महिला नीचे झुक गई और बच गई, लेकिन गोली पीछे खड़े उसके भांजे को लगी है। घायल को अस्पताल में भर्ती क राया गया है। महिला ने यह भी बताया कि टेकनपुर थाना में उसने मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया।
पुलिस अधीक्षक अमित सांघी का कहना है कि महिला ने लिखित आवेदन देकर शिकायत कर बताया है। कि उसके पति ने बिना तलाक दिए किसी और महिला से शादी कर ली है जब उसने इसका विरोध किया तो उनके पति ने उसपर फायरिंग की है गोली उसको ना लगते हुए छर्रे लगने से उसका भांजा घायल हो गया है। महिला की शिकायत पर थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।