एक्सीडेंट के बाद वापस काम पर नहीं ले रहे थे, सफाई कर्मचारी ने फांसी लगाई, मौत

Jun 19 2022

ग्वालियर। तीन महीने पहले सड़क हादसे में घायल होकर काम पर अनुपस्थित हुए सफाई कर्मचारी को अब निगम अफसर वापस काम पर नहीं ले रहे थे, जबकि उसने मेडिकल व घटना के फोटो तक अफसरों को भेजे थे। लगातार अफसरों के दफ्तरों के चक्कर लगाकर सफाई कर्मचारी थक चुका था। आखिर में उसने फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी मौत के बाद उसके चार मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। घटना कंपू स्थित बाल सदन स्कूल के पास की है। मृतक के भाई ने निगम के एक एसआई (सेनेट्री इंस्पेक्टर) पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच शुरू कर दी है। परिजन ने चक्काजाम भी किया है। अफसरों के आश्वासन के बाद माने और चक्काजाम खोला।
शहर के कंपू स्थित बाल सदन स्कूल के पास निवासी 35 वर्षीय पवन पुत्र रामभरोसे बाल्मीकि नगर निगम में सफाई कर्मचारी था। मार्च 2022 में वह बाइक से घर लौट रहा था तभी सड़क हादसे का शिकार हो गया था। जिस कारण वह ड्यूटी पर नहीं जा पाया था। उसने अपने वरिष्ठ अफसरों को घटना से संबंधित फोटो-वीडियो भी भेज दिए हैं। सफाई दरोगा अर्जुन कडेरे ने उसे कुछ दिन गैर हाजिर होने पर घर बैठा दिया। ठीक होने के बाद पवन मेडिकल रिपोर्ट लेकर वापस नौकरी पर आने के लिए गया तो उसे घर बैठा दिया। इसके बाद से लगातार वह सफाई दरोगा के पास चक्कर लगा रहा था, लेकिन वह उसे काम पर नहीं रख रहा था। शनिवार देर रात पवन घर लौटा और कमरे में जाकर फांसी लगा ली। जब परिजन ने उसे फांसी पर लटके दिखा तो तत्काल उसे उतारने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उसकी सांसे थम चुकी थीं। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रविवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को दे दिया है। मर्ग कायम कर पुलिस जांच कर रही है।
मृतक के भाई आकाश ने बताया कि पवन के दो बेटियां दो बेटे हैं। बेटियों की उम्र 11 और 13 साल हैं। बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी उस पर ही थी। आकाश ने यह भी बताया कि सफाई दरोगा अर्जुन उसके भाई को प्रताडि़त कर रहा था। उसी की प्रताडऩा से तंग आकर यह कदम उठाया है। इसलिए सफाई दरोगा के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।
टीआई रामनरेश यादव का कहना है कि युवक ने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन के जो भी आरोप है उसके आधार पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।