लिव-इन में डॉक्टर ने किया नर्स का मर्डर, आरोपी पकड़ा- प्रेमिका ने दूसरी लड़की के अश्लील चैट देखे, गला घोंटकर लटकाया

Jun 18 2022

ग्वालियर। व्यापमं के आरोपी डॉक्टर ने नर्सिंग स्टूडेंट प्रेमिका का गला घोंटकर मार डाला। प्रेमिका ने किसी और लड़की के साथ उसकी अश्लील चैट देख ली थी। हंगामा करने पर आरोपी ने प्रेमिका की हत्या कर दी और इसके बाद मामले को सुसाइड बताने के लिए शव चादर के जरिए पंखे पर इस तरह लटकाया, जैसे फांसी लगा ली हो। घटना गत शुक्रवार देर रात 1 बजे कुम्हारपुरा थाटीपुर कुबेर आश्रम के पीछे की है। पुलिस को शुरुआत से ही मामला संदिग्ध लग रहा था। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की जांच में मामला साफ हो गया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी भी टूट गया और अपनी सारी करतूत बता दी। युवती के परिजनों को सूचना दे दी है, वह इटावा से ग्वालियर के आ गए हैँ।
थाटीपुर पुलिस के मुताबिक, देर रात सूचना मिली थी कि कुम्हारपुरा कुबेर आश्रम के पीछे इटावा (उत्तरप्रदेश) निवासी सोनम यादव ने प्रेमी संजीव शर्मा के फ्लैट में फांसी लगा ली है। जांच में युवती के चेहरे पर चोट के निशान थे और कमरा भी अस्त-व्यस्त पड़ा था। शुरुआती जांच में ही मामला खुदकुशी का कम हत्या का ज्यादा लग रहा था। स्पॉट पर पहुंचे सीएसपी ऋषिकेश मीणा ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट सीनियर साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव को बुला लिया। उन्होंने हत्या होने का इशारा दिया। बताया जा रहा है प्रेमिका तीन दिन पहले ही आरोपी डॉक्टर के घर रहने आई थी।
पुलिस संदेह के आधार पर मृतका के प्रेमी को थाने ले आई। यहां वह बार-बार बयान बदल रहा था। हर बार कहानी थोड़ी बदल देता। पुलिस ने जब सख्ती की तो वह अपनी ही कहानी में फंस गया। सच बताते हुए कहा कि उसने ही हत्या की है और लाश फांसी के फंदे पर टांग दी। संजीव ने पुलिस को यह भी बताया कि वह डॉक्टर है और पार्टनरशिप में रूद्राक्ष हॉस्पिटल का संचालन करता है। इसी हॉस्पिटल में ट्रेनिंग करने वाली नर्सिंग स्टूडेंट सोनम से उसकी दोस्ती हुई और दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे थे।
प्रेमिका ने मोबाइल में देख लिए थे कई राज
जब पुलिस ने उससे पूछा कि प्यार करता था तो उसकी हत्या क्यों की? आरोपी ने बताया कि सोनम उसके घर पर ही रहने आ गई थी। शुक्रवार रात को सोनम ने उसके मोबाइल में एक अन्य लड़की से आपत्तिजनक बातचीत के मैसेज देख लिए थे। इस पर उसने हंगामा करते हुए झगड़ा किया। दोनों में काफी झगड़ा हुआ और गुस्से में उसने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वह घबरा गया और बाहर घूमने चला गया। 2 घंटे बाद लौटा तो उसने फांसी पर उसके शव को लटकाकर खुदकुशी का रूप देना चाहा, लेकिन पकड़ा गया।
युवती के कपड़े युवक के घर से बरामद हुए। जब पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि वह कई दिन तक संजीव के घर रुकती थी। गुरुवार को भी दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ था। दो दिन से लगातार दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। 
व्यापमं का आरोपी है डॉक्टर
प्रेमिका की हत्या के आरोप में पकड़ा गया डॉ. संजीव शर्मा व्यापमं कांड का आरोपी भी रहा है। सॉल्वर बैठाकर उस पर एडमिशन लेने का आरोप था। पुलिस इस संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है।
एएसपी क्राईम राजेश दंडौतिया ने बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध होने पर एक्सपर्ट से जांच कराई। इसके बाद हत्या की पुष्टि हुई थी।