भाजपा की महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा पार्टी नेताओं के घर आशीर्वाद और सहयोग लेने पहुंचीं

Jun 16 2022

ग्वालियर। काफी जद्दोजहद और मंथन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार देर शाम महापौर के लिए सुमन शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। प्रत्याशी घोषणा के पहले लगभग 4-5 दिन से ग्वालियर भोपाल और दिल्ली में महापौर प्रत्याशी किसे घोषित किया जाए, के लिए संगठन के वरिष्ठ नेताओं व केन्द्रीय मंत्रियों के बीच विचार मंथन चलता रहा। इस बीच राजनीतिक अटकलों का बाजार भी काफी गर्म रहा। क्योंकि महापौर प्रत्याशी के लिए भाजपा की तरफ से मायासिंह, समीक्षा गुप्ता, खुशबू गुप्ता व शोभा मिश्रा के नामों को लेकर भी शहर में काफी चर्चा चलती रही।
अपने-अपने आंकड़ों के तहत हर पल लोग अपने शुभचिंतक को प्रत्याशी घोषित करते रहे। अंततोगत्वा बुधवार शाम को इस चर्चा पर विराम लग गया जब भाजपा ने सुमन शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।
प्रत्याशी घोषित होते ही सुमन शर्मा के घर पर उनको शुभकामनाएं, बधाई व मिष्ठान खिलाने वालों का काफी जमावड़ा लगा रहा। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी सुमन शर्मा सर्वप्रथम उन लोगों के घर आशीर्वाद और सहयोग लेने पहुंचीं जो नाम दावेदारों के रूप में शामिल थे। इस क्रम के बीच में वे रानी महल स्थित पूर्व मंत्री मायासिंह के घर पहुंचकर मायासिंह व ध्यानेन्द्र सिंह से आशीर्वाद लिया। इसी कड़ी में वे पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता व खुशबू गुप्ता के निवास पर भी गईं और उनसे भी चुनाव लडऩे के लिए अपनी ताकत को बढ़ाए जाने के उद्देश्य से सहयोग व आशीर्वाद मांगा।
सभी दावेदारों ने सुमन शर्मा का पुष्पहारों व मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया और भारी मतों से विजयी होने का आशीर्वाद दिया।