अमरनाथ यात्रा के लिए ग्वालियर से 29 जून को 350 यात्रियों का पहला जत्था रवाना होगा

Jun 15 2022

ग्वालियर। धारा 370 हटने के पश्चात् कश्मीर में अमरनाथ यात्रा को लेकर यात्रियों में काफी उत्साह है। जिसके लिये दो साल कोरोना संकट काल का इंतजार भी एक कारण रहा। अमरनाथ यात्री यात्रा को लेकर यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर सतर्क है। अमरनाथ की पावन यात्रा 30 जून से प्रारंभ होकर 11 अगस्त रक्षाबंधन तक चलेगी। अमरनाथ यात्रा में भारी सुरक्षा के इंतजामों के कारण सभी यात्री सुरक्षित यात्रा करते हैं। यह बात डॉ. संजय पाण्डेय ने कही। यात्रा से पहले यात्रियों को बम-बम भोले सेवा दल संयोजक डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि क्या-क्या तैयारियां करनी चाहिये इसके लिये बम-बम भोले सेवा दल ग्वालियर द्वारा 350 यात्रियों का समूह 29 जून को रवाना होगा। जिसकी जानकारी के लिये हरेशिव मैरिज गार्डन लक्ष्मीगंज में एक बैठक का आयोजन किया गया।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से इस वर्ष आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। बिना आधार कार्ड के यात्रा परमिट होने के बाद भी यात्रा पर नहीं जाने दिया जायेगा क्योंकि आतंकी घटनाओं को देखते हुये सुरक्षा बल आधार कार्ड से सुनिश्चित करेंगे कि सही व्यक्ति ही यात्रा कर रहा है। यात्रा के दौरान हमें चलने के लिये पांच-छह किलोमीटर रोज पैदल चलना चाहिये। यात्रा में परेशानी न हो इसके लिये बैग में अति आवश्यक सामग्री के अलावा कोई सामान नहीं रखना चाहिये क्योंकि पहाड़ों पर चलना कठिन होता है।