बीस हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ धरा

Jun 14 2022

ग्वालियर। बंटाकन के नाम पर बीस हजार रुपए की रिश्वत लेते एक पटवारी को ईओडब्ल्यू की टीम ने रंगे हाथ धरा है। ईओडब्ल्यू की टीम ने पटवारी पर प्रकरण दर्ज कर उसकी संपत्ति की जांच पड़ताल करना शुरू कर दिया है। पटवारी को रंगे हाथ पकडऩे के लिए डीएसपी के नेतृत्व में तीन टीमों को बनाया गया था। 
ईओडब्ल्यू डीएसपी सतीष चतुर्वेदी ने बताया कि दो दिन पहले बरकापुर गांव निवासी रघुवीर जाटव ने शिकायत की थी कि उसकी एक बीघा जमीन के बंटाकन का मामला पटवारी प्रदीप यादव ने अटका रखा है और बंटाकन के लिए पचास हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। इस पर ईओडब्ल्यू की टीम ने पटवारी की टेपिंग कराई तो बातचीत चालीस हजार में तय हुई। 
पटवारी प्रदीप यादव ने रिश्वत की पहली किश्त मंगलवार सुबह केशव कॉलोनी स्थित घर पर मंगवाई। जिस पर ईओडब्ल्यू की टीम ने बीस हजार रुपए केमिकल लगे रुपए रघुवीर को दिए और उसकी शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए उसके साथ रवाना की। 
ड्रॉवर में रुपए रखते ही पहुंची ईओडब्ल्यू टीम
जैसे ही पटवारी ने रिश्वत के बीस हजार रुपए लिए, ईओडब्ल्यू की टीम ने उसके घर पर दबिश दे दी। ईओडब्ल्यू की टीम को देखते ही पटवारी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से ही अलर्ट टीम ने उसे मौका नहीं दिया और उसकी ड्रॉवर से रिश्वत में लिए रुपए बरामद कर लिए हैं। 
रिश्वत लेने वाले पटवारी के पकड़े जाने के बाद अब ईओडब्ल्यू की टीम ने उसकी संपति की जांच करना शुरू कर दिया है, जिससे पता चल सके कि अभी तक उसने कितनी रिश्वत ली है।