नागरिक सहकारी बैंक के चुनाव में संघ के पैनल ने मारी बाजी

Jun 12 2022

ग्वालियर। नागरिक सहकारी बैंक के संचालक मंडल के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में आरएसएस समर्थित पैनल विरोधियों पर भारी साबित हुआ है। देर रात तक चली मतगणना में इस पैनल से अनुसूचित वर्ग के विनोद अष्टैया, महिला वर्ग से मनीषा शर्मा व रचना सोलंकी ने अपने प्रतिद्वंदियों पर जीत दर्ज कर ली है। देर रात डेढ़ बजे निर्वाचन अधिकारियों ने नतीजों की घोषणा कर दी। 12 सदस्यीय संचालक मंडल को चुनने के लिए शनिवार की सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान हुआ था। यह पहला मौका है जब बैंक के संचालक मंडल के चुनाव में इतनी खींचतान हुई है। अमूमन सर्वसम्मति से संचालक मंडल का चुनाव हो जाता था और संचालक मंडल अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुन लेते थे। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव संचालक मंडल द्वारा 17 जून को होना है। हालांकि दूसरे पैनल में कर्मठ स्वयं सेवक होने का दावा किया है।
चुनाव अधिकारी अशोक सिंह यादव ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुबह नौ बजे शुरू हुआ था। मतदान समाप्त होने तक 7930 मतदाताओं में से 2437 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान के बाद सिटी सेंटर स्थित किडीज कार्नर स्कूल (मतदान स्थल) पर ही मतों की गिनती का कार्य किया गया। मतगणना के दौरान सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित संघ के प्रमुख दायित्वान पदाधिकारी मौजूद थे।