चुनाव आते ही सजा प्रचार सामग्री का बाजार

Jun 11 2022

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद नगरीय निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 6 जुलाई और दूसरा चरण 13 जुलाई को होगा। पहले चरण के नतीजे 17 जुलाई और दूसरे चरण के नतीजे 18 जुलाई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही आचार संहिता लागू हो गई है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में पहले चरण में चुनाव होगा। यानी यहां 6 जुलाई को वोटिंग होगी। नगरीय निकाय चुनावों के लिए कार्यकर्ता और नेता जहां टिकटों के जुगाड़ के लिए जी तोड़ मेहनत किये हुए हैं वहीं चुनाव प्रचार सामग्री से सजी धजी दुकानों में खरीदारों का टोटा पड़ रहा है।
जिन्हें टिकट मिल गया है वे खुश हैं लेकिन इससे वंचित और टकटकी लगाये रहने वाले तैयारियों की बजाय सारी ऊर्जा विरोध प्रदर्शन पर खर्च कर रहे हैं। इसका बड़ा असर इस सामग्री की बिक्री पर पड़ रहा है।
पट्टे, झंडे, टोपी, पोस्टर, बैनर, हेडबैंड और नोटपैड से दुकानें सजी हैं लेकिन टिकट मिलने में असमंजस की स्थिति के कारण बाजार में रौनक नहीं है। चुनाव प्रचार सामग्री के एक बडे विक्रेता ने कहा कि इस बार के चुनाव में आयोग के आचार संहिता के डंडे ने पार्टियों और कार्यकर्ताओं को भयभीत कर रखा है। चुनाव प्रचार के लिए सामग्री जैसे झंडे, बैनर आदि का उपयोग कार्यकर्ता और प्रत्याशी का लोकतांत्रिक अधिकार है।