कांग्रेस ने ग्वालियर से शोभा सिकरवार को महापौर पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया

Jun 10 2022

ग्वालियर। भाजपा भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए कांग्रेस विधायक डा.सतीश सिकरवार की पत्नी डा.शोभा सिकरवार को महापौर पद के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया है। कांग्रेस ने भाजपा से पहले महापौर पद का उम्मीदवार घोषित कर बाजी मार ली है। भाजपा को अब शोभा सिकरवार के सामने मजबूत महिला उम्मीदवार की तलाश है। अब भाजपा को जातिगत समीकरण को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार तय करना होगा। अब देखना है कि भाजपा किसी अनारक्षित वर्ग की महिला को उम्मीदवार बनाती हैं या पिछड़ा वर्ग का कार्ड खेलकर कांग्रेस को पटकनी देने का प्रयास करती है। पार्टी ऐसा प्रयोग 2010 में भोपाल में कर चुकी है। तब अनारक्षित सीट ने भाजपा ने ओबीसी कृष्णा गौर को उम्मीदवार बनाया था और जीत हासिल की थी।
शोभा सिकरवार का मजबूत पारिवारिक राजनीतिक बैकग्राउंड है। उनके ससुर गजराज सिंह सिकरवार दो बार मुरैना जिले की सुमावली विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। पति डा.सतीश सिकरवार ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान में विधायक हैं। देवर सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू मुरैना जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ सुमावली से विधायक रह चुके हैं। सिकरवार दंपती एक साथ पार्षद भी रह चुके हैं। और शोभा सिकरवार तीन बार पार्षद निर्वाचित हो चुकी हैं। वे एमआइसी सदस्य भी रह चुकी हैं। राजनीति की उन्हें गहराई से समझ भी है। जातीय समीकरण भी फिलहाल उनके अनुकूल हैं।