सीमावर्ती जिलों की पुलिस के तालमेल से ही पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सकेंगे: एसएसपी

Jun 07 2022

ग्वालियर। पुलिस कन्ट्रोल रूम सभागार ग्वालियर में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव 2022 को दृष्टिगत रखते हुए अति. पुलिस महानिदेषक ग्वालियर जोन डी.श्रीनिवास वर्मा के निर्देश पर अंतर जिला अपराध समन्वय बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर अमित सांघी द्वारा उपस्थित भिण्ड, मुरैना, दतिया एवं शिवपुरी जिले के पुलिस के पंचायत चुनाव नोडल पुलिस अधिकारियों को ग्वालियर जिले में अपराध कारित कर अन्य जिलों में निवासरत् अपराधियों, फरार स्थाई वारंटियों व भौगोलिक स्थिति की जानकारी दी। 
उक्त बैठक में अंतर जिला अपराधियों की सक्रिय गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के साथ-साथ प्राप्त हुई सूचनाओं का परस्पर आदान-प्रदान व अंतरजिला सीमाओं पर संयुक्त जांच नाका, असामाजिक तत्व जो त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान पैदा कर सकते है उन्हे पूर्व से ही चिन्हित कर उन पर सख्त निगरानी रखने आदि विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण कराने हेतु भावी रणनीति तैयार करने पर विचार किया गया। बैठक में फरारी ईनामी, वारंटी, असमाजिक तत्वों के आपराधिक अभिलेखों एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी का भी आपस में आदान-प्रदान किया गया। बैठक में एएसपी देहात जयराज कुबेर, सीएसपी अपराध विजय भदौरिया तथा ग्वालियर जिले के सीमवार्ती जिलों के चुनाव नोडल पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे। 
सीमावर्ती जिलों के नोडल अधिकारियों की बैठक के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने ग्वालियर जिले के समस्त अति. पुलिस अधीक्षकगण एवं सीएसपी/एसडीओपी की आगामी पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुये बैठक ली। बैठक में उनके द्वारा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिये उनके द्वारा किये जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर अवैध शराब, अवैध हथियार, गुण्डे बदमाषों के विरूद्ध प्रभावी अभियान चलाकर कार्यवाही की जाये। जिले के बॉर्डरों पर स्थित थानों के थाना प्रभारियों को निर्देषित किया जाये कि वह जिले के अन्दर एंव बाहर जाने वाले रास्तों पर चैकपोस्ट बनाकर प्रत्येक आने-जाने वाले वाहनों की कड़ाई से चैकिंग करावें, जिससे पंचायत चुनाव के दौरान अवैध शराब, अवैध हथियार की तस्करी पर लगाम लगाई जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को पंचायत चुनाव के अवसर पर अपराध घटित करने वाले गुण्डे बदमाषों एंव मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ अधिक से अधिक प्रतिवंधात्मक कार्यवाही करने हेतु निर्देषित किया गया।