कांग्रेस नेता ने शक के चलते पत्नी को मारी गोली,मौत

Jun 06 2022

ग्वालियर। कांग्रेस नेता ऋषभ भदौरिया ने शक के चलते अपनी पत्नी भावना की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय दंपती के दोनों बच्चे करीब ही बिस्तर पर सो रहे थे। वारदात से पहले पति-पत्नी में विवाद हुआ। इसी दौरान जब पति के सिर पर खून सवार हो गया तो महिला अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागी, लेकिन आरोपी ने उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी कांग्रेस का पूर्व प्रवक्ता भी रह चुका है। परिचितों का कहना है कि पिछले एक महीने से पत्नी से उसका विवाद चल रहा था। उसे शक था कि भावना उससे बातें छुपाती है। वारदात के बाद आरोपी हथियार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। 
घटना शहर के रामनगर के थाटीपुर इलाके में हुई। यहां रहने वाला ऋषभ सिंह भदौरिया कांग्रेस नेता है। वह कांग्रेस में प्रदेश स्तर का प्रवक्ता भी रह चुका है। साथ ही आदतन अपराधी भी है। सोमवार अल सुबह उसने पत्नी भावना भदौरिया से विवाद शुरू किया। उसे शक था कि पत्नी उससे कुछ छुपा रही है।
विवाद के दौरान कांग्रेस नेता ने जमकर चिल्लाना शुरू कर दिया। जिससे पास ही में सो रहे उसके दोनों बच्चों की नींद खुल गई। इसी बीच उसने पत्नी पर हथियार तान दिया। भावना बचने के लिए रूम से निकलकर बाहर की तरफ भागी, अभी वह आंगन में आई ही थी कि तभी ऋषभ ने उसके सिर को निशाना बनाकर फायर कर दिया। गोली उसके सिर में गोली लगी और वह वहीं ढेर हो गई। इसके बाद आरोपी हथियार और अपना जरूरी सामान लेकर फरार हो गया। 
पिता ने दी पुलिस की सूचना
पुलिस को इस वारदात की सूचना ऋषभ के पिता कृष्णकांत ने दी। प्रारंभिक जांच में शक को ही हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि असली वजह का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही होगा। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। हालांकि परिवार का कोई भी सदस्य फिलहाल इस बारे में कुछ भी बता नहीं रहा है। पुलिस बच्चों एवं अन्य परिजनों से बात कर कारण पता लगाने का प्रयास कर रही है।
जब पुलिस मौके पर पहुंच तो स्पॉट पर कोई भी हथियार नहीं मिला। जिसकी वजह से ये पता नहीं चल सका कि आरोपी ने किस हथियार का उपयोग कर पत्नी की हत्या की है। परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। हालांकि फोरेंसिक एक्सपर्ट ने पुलिस को राय दी है कि जिस तरह गोली सिर में लगी है और घाव हुआ है उससे यह साफ है कि पिस्टल से गोली चलाई गई है।
आरोपी का है आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी कांग्रेस नेता का तगड़ा आपराधिक रिकॉर्ड है। वह सन् 2001 में अपनी बहन की हत्या कर चुका है। इसके बाद चेतकपुरी में हुई एक लूट में भी उसका नाम था। 2 अप्रैल 2018 को ग्वालियर के थाटीपुर से शुरू हुई जातिगत हिंसा को लेकर भी उस पर दो मामले दर्ज हुए थे। ऋषभ भदौरिया के खिलाफ साल 2020 में जिला बदर की कार्रवाई का नोटिस भी जारी किया गया था। आरोपी पर लूट और 4 हत्याओं का पहले से ही केस भी दर्ज है।
पूर्व सीएम के अलावा कई मंत्रियों संग फोटो
जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि आरोपी के कमरे में कई बड़े नेताओं के साथ उसके फोटो लगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ भी उसका एक फोटो दिखा। प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री के साथ भी उसकी फोटो हैं।