सर्वे के आधार पर होगा पार्षद प्रत्याशी का चयन-मुकेश नायक

Jun 05 2022

ग्वालियर। कांग्रेस के ग्वालियर नगरीय निकाय प्रभारी मुकेश नायक ने रविवार को कांग्रेस कार्यालय में निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई। नगरीय निकाय के चुनाव की घोषणा होने के बाद कांग्रेस की यह बैठक चुनाव को लेकर बहुत अहम रही। बैठक में कांग्रेस कें तमाम दावेदारों ने प्रभारी मुकेश नायक के समक्ष दावेदारी प्रस्तुत की।
बैठक में नायक ने कहा कि कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों के नाम घोषित करने से पहले हर वार्ड में सर्वे कार्य कराया जाएगा। इस सर्वे के लिए छह-छह कार्यकर्ताओं को नियुक्त किया जाएगा। यह कार्यकर्ता 2-3 दिन में सर्वे की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद यह रिपोर्ट भोपाल भेजी जाएगी। भोपाल से 9 जून तक फइनल उम्मीदवारों पर मुहर लग सकेगी।
बैठक में मुकेश नायक के सामने महापौर पद पर दावेदारी के लिए भी कई दावेदार पहुंचे, इसके लिए मंथन बंद कमरे में हुआ। उन्होंने कहा कि इसकी जानकरी भी शीघ्र ही ओपन की जाएगी। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार, विधायक प्रवीण पाठक, सुनील शर्मा, रश्मि पवार शर्मा, रवींद्र सिंह भदौरिया सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।