तीन लूट करने वाले लुटेरों से चेन व बाइक बरामद, तीसरे की तलाश

Jun 05 2022

ग्वालियर। शहर में एक के बाद एक तीन लूट करने वाले लुटेरों से पुलिस ने सोने की चेन और बाइक बरामद कर ली है। पुलिस इनके तीसरे साथी की तलाश कर रही है। इन लोगों ने मुरार में सिपाही की पत्नी के अलावा पड़ाव और गोला का मंदिर इलाके में भी लूट की थी। 
एएसपी राजेश दंडौतिया ने बताया कि शहर में एक के बाद एक लगातार लूट की घटना हुई थीं। इसकी पड़ताल के लिए क्राइम ब्रांच के डीएसपी रत्नेश सिंह तोमर, सीएसपी ऋषिकेष मीणा, टीआइ शैलेंद्र भार्गव व इनकी टीम को लगाया। टीम ने पहले पीयूष को पकड़ा, जो नशे के लिए अपने साथी मुकेश के साथ लूट करता था। जब इनकी काल डिटेल खंगाली गई तो एक और साथी का नाम पता लगा। इस साथी का नाम धर्मवीर है। यह इन्हें फरारी काटने में मदद कर रहा था। इनके पास से सोने की लूटी गई चेन और बाइक बरामद हो गई है। अब इनके तीसरे साथी की तलाश चल रही है।