निर्माणाधीन अस्पताल से चोरों ने लाखों का माल पार किया

Jun 04 2022

ग्वालियर। एक निर्माणाधीन अस्पताल में चोर ने धावा बोला और वहां से फिटिंग सहित महंगा सामान चोरी कर ले गए। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के भदौरिया मार्केट की है। घटना का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर निवासी विश्वास पुत्र अशोक मुदगल डॉक्टर है और उनका भदौरिया मार्केट में स्पर्श नर्सिंग होम बन रहा है। बीती रात चोरों ने यहां पर धावा बोला और यहां पर फिटिंग के साथ ही अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। घटना का पता सुबह चला जब डॉक्टर वहां पर काम देखने के लिए आया तो ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान गायब था। सामान गायब देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोरी गए माल की कीमत करीब डेढ़ से पौने दो लाख के बीच बताई गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए है। पुलिस अफसरों का मानना है कि इतना सामान चोर ले गए है तो आस-पास जरूर कोई लोडिंग लेकर आए होंगे। 
दुकान से नगदी सामान पार
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के रणधीर कॉलोनी निवासी अनीश भदौरिया पुत्र रविन्द्र सिंह भदौरिया व्यवसायी हैं और उनकी रणधीर कॉलोनी गेट पर ही एनेक्स लाइफ स्टायल के नाम से शॉप है। बीते रोज वह दुकान का काम कर घर चले गए थे और इसी बीच चोरों ने शॉप के ताले चटकाए और अंदर पहुंचे। इसके बाद गल्ले का ताला तोड़कर नगदी पार की और वहां से 25 जोड़ी जूते, 25 जोड़ी जींस, लोअर, शर्ट के साथ ही अन्य महंगे सामान पार कर दिया। वारदात का पता सुबह चला। जब वह शॉप पर आए तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
एक लाख का माल ले गए चोर
थाटीपुर थाना क्षेत्र के गल्ला कोठार निवासी महेन्द्र पुत्र अजमेर सिंह के सूने घर के ताले चटकाकर चोरों ने नगदी तीन हजार रुपए के साथ ही अन्य कीमती माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता सुबह चला तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।