बदमाशों ने किसान को गोली मारी, गंभीर हालत में कराया भर्ती

Jun 04 2022

ग्वालियर। रिश्तेदारी में शामिल होकर वापस आ रहे किसान पर दो बदमाशों ने हमला कर दिया। एक बदमाश ने किसान को लाठियों से पीटा और दूसरे ने गोली मार दी। घटना घाटीगांव थाना क्षेत्र के अंडर रेलवे ब्रिज के पास गत रात करीब 11 बजे की है। बदमाशों द्वारा लाठी और गोली मारने के बाद भी किसान ने हिम्मत से काम लिया और ट्रैक्टर को गति देकर भाग निकला। हालांकि बदमाशों ने पीछा किया, लेकिन वह बच निकला। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भर्ती कराकर आरोपियों की तलाश में सर्चिंग की, लेकिन वह हाथ नहीं आए हैं।
घाटीगांव थाना क्षेत्र के कैंट निवासी 33 वर्षीय रणवीर सिंह पुत्र छोटे सिंह किसान है और बीते रोज वह सिरसा गांव में रिश्तेदारी में आए थे। रात को करीब 11 बजे वह वापस लौटकर आ रहे थे। अभी वह कैंट गांव के पास स्थित रेलवे के अंडर ब्रिज से निकलकर मोड़ पर पहुंचे ही थे कि तभी अचानक दो युवक दिखाई दिए और जब वह उनके पास से निकला तो एक बदमाश ने उसे लाठी मारी तो दूसरे ने गोली से फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी। वह संभल पाता उससे पहले ही बदमाश ने उसे लाठी मार दी। बदमाशों के तेवर देखकर उसने ट्रैक्टर को गति दी और भाग निकला।
दुश्मनी या लुटेरों के एंगल पर पुलिस की जांच
घायल ने पुलिस अफसरों को बताया कि उसकी गांव में ही कुछ लोगों से दुश्मनी चल रही है। इसका पता चलते ही पुलिस ने अपनी जांच दुश्मनी और लुटेरों के एंगल पर कर दो टीमें बनाकर बदमाशों की तलाश में लगाई हंै। 
कुछ दूर तक बदमाशों ने उसका पीछा किया था। दोनों ही बदमाश मुंह पर नकाब लगाए हुए थे, जिससे वह उन्हें पहचान नहीं सका। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भर्ती कराकर आरोपियों की तलाश में सर्चिंग की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।