पुलिस ने बारादरी चौराहे के पास से सटोरियों को आईडी उपलब्ध कराने वाले खाईबाज को पकड़ा

Jun 04 2022

ग्वालियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि आईपीएल क्रिकेट पर ऑनलाईन सट्टा खिलाने वाले सट्टेबाजों को आईडी उपलब्ध कराने वाले खाईबाज को थाना मुरार क्षेत्रांर्तगत बारादरी चौराहे के पास देखा गया है। उक्त सूचना पर से एसएसपी द्वारा एएसपी अपराध राजेश डण्डोतिया को क्राईम ब्रांच व थाना मुरार पुलिसबल की टीम से उक्त मुखबिर सुचना की तस्दीक कराते हुए उक्त खाईबाज को पकडऩे हेतु निर्देषित किया गया। 
एएसपी अपराध के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी मुरार ऋषिकेष मीणा थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच डॉ. संतोष यादव एवं थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक शैलेन्द्र भार्गव के नेतृत्व में क्राईम ब्रांच व थाना पुलिस बल की संयुक्त टीम को मुखबिर के बताये स्थान बारादरी चौराहे के पास कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम को बारादरी चौराहे के पास मुखबिर के बताये अनुसार एक व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया, जो मोबाइल पर बात कर रहा था। पुलिस टीम को देखकर उक्त व्यक्ति ने वहां से भागने का प्रयास किया। जिसे पुलिस टीम द्वारा घेरकर पकड़ लिया गया। 
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये व्यक्ति के पास मिले सोनी कम्पनी के मोबाइल को चैक करने पर उसमें 99हब की वेबसाईट खुली मिली, जिसके माध्यम से वह ऑनलाईन सट्टा खिलाने वाले सट्टेबाजों को आईडी भेज रहा था। पकड़े गये व्यक्ति की तलाशी लेने पर उनके पास से एक मोबाइल व 50 हजार रूपये नगद मिले। पुलिस टीम को उक्त व्यकित के मोबाइल में लाखों का हिसाब-किताब भी मिला है। पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह ऑनलाईन सट्टा खिलाने वाले सट्टेबाजों को आईडी उपलब्ध कराता था। उसने यह भी बताया कि उसके पास 40 से अधिक आईडी एवं 500 से अधिक क्लाइंट है। पुलिस टीम ने खाईबाज को थाना मुरार पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट, 109 भादवि में गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
ज्ञात हो कि 30 अप्रैल को क्राईम ब्रांच ग्वालियर द्वारा थाना मुरार पुलिस के साथ थाना मुरार क्षेत्रांर्तगत हुरावली रोड़, आर्मी गेट के पास से हुंडाई कार में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते तीन सट्टेबाजों को 3 मोबाइल, 1 लाख रूपये नगद एवं हुंडई कार सहित पकड़ा था। जिस पर से पुलिस टीम द्वारा थाना मुरार में उक्त सट्टेबाजों तथा उनको आईडी उपलब्ध कराने वाले खाईबाज के विरूद्ध पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट, 109 भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। इसी प्रकार 25 मई को क्राईम ब्रांच ग्वालियर द्वारा थाना गोला का मंदिर पुलिस के साथ थाना गोला का मंदिर क्षेत्र से एक सट्टेबाज को आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते 1 मोबाइल, 1450 रूपये नगद सहित पकड़ा था। जिस पर से पुलिस टीम द्वारा थाना गोला का मंदिर में उक्त सट्टेबाज तथा उसको आईडी उपलब्ध कराने वाले खाईबाज के विरूद्ध पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट, 109 भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। उक्त पकड़े गये खाईबाज द्वारा उक्त दोनों प्रकरणों में सट्टेबाजों को आईडी उपलब्ध कराई थी।