अचलेश्वर मंदिर में दान पेटी से निकले 7.18 लाख श्रद्घालुओं की अर्जियां भी मिली

Jun 03 2022

ग्वालियर। श्री अचलेश्वर महादेव न्यास द्वारा मंदिर में लगाए गए दान पात्रों (दान पेटी) को शिवरात्रि के तीन माह बाद गत दिवस खोला गया। इसमें 7 लाख 18 हजार 400 रुपये की गिनती हो चुकी है। बड़े नोटों की गिनती के बाद मंदिर की व्यवस्था संभाल रहे रिसीवरों ने राशि को अलमारी में सुरक्षित रखवा दिया है।
हाई कोर्ट ने अचलेश्वर महादेव न्यास के प्रबंधन के लिए दो रिसीवर किए हैं। इनकी निगरानी में बुधवार को दान पात्रों को खोला गया। इसमें 2000 से लेकर 20 रुपये के नोटों की गिनती में कुल 7 लाख 18 हजार 400 रुपये निकले हैं। साथ ही 10 रुपये से लेकर 1 रुपये तक के सिक्कों के 100-100 के 149 बिंडल बना दिए गए हैं। इनकी गिनती गुुरुवार को सुबह से शुरू की जाएगी। साथ ही पुराने गिने हुए नोटों को भी एक बार पुन: गिना जाएगा। न्यास में स्टाफ कमी और बार-बार लाइट जाने के कारण गिनती के दौरान परेशानी होती रही।
दान पात्रों से निकले जिन नोटों की गिनती हो चुकी है, उन्हें एक प्लास्टिक के बाक्स में रख दिया गया है। वहीं दूसरे बाक्स में बिना गिने सिक्के एवं नोटों को रखा गया है।
दान पेटी से निकलीं अर्जियां
किसी ने यूपीएससी परीक्षा पास कराने तो किसी ने प्रेमिका से विवाह की मांगी मन्नत खोली गई दान पेटियों से श्रद्घालुओं की अर्जियां भी मिली हैं। यह अर्जियां श्रद्घालुओं ने बाबा अचलनाथ के दर्शन के दौरान दान पात्रों में डाली थीं। इनमें किसी ने स्वयं को यूपीएससी की परीक्षा में पास कराने की अर्जी लगाई थी तो किसी ने अपनी प्रेमिका से विवाह कराने की मन्नत मांगी है। वहीं किसी भक्त ने स्वयं के द्वारा किए गए अपराध के लिए भगवान से क्षमा भी मांगी है। दान पेटी में चांदी के नाग-नागिन के कई जोड़े व सिक्के भी निकले हैं। हालांकि इनकी जांच होनी है कि यह असली हैं या नकली।