अचलेश्वर महादेव मंदिर की खुली पहली दानपेटी, 12 और खुलेंगी

Jun 01 2022

 ग्वालियर। अचलेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट की दानपेटियां बुधवार को कोर्ट द्वारा नियुक्त रिसीवराें की माैजूदगी में खाेली गई हैं। इन दानपेटियों में से पहली पेटी दोपहर 12 बजे खोली गई है, जबकि 12 अन्य पेटियों को खोला जाना बाकी है। इसके बाद पता चल सकेगा कि अचलेश्वर महादेव मंदिर में कितना दान आया है। अचलेश्वर महादेव मंदिर में चल रही गड़बड़ियों को लेकर न्यायालय में याचिका दायर की गई थी, इस याचिका में न्यायालय ने रिसीवर नियुक्त किए हैं। इन रिसीवरों को अनेकाें कमियां मिलीं। इन कमियों को दूर करने के लिए न्यायालय के रिसीवर डेढ़ माह से प्रयासरत हैं। न्यायालय ने दोनों रिसीवर को मंदिर की अव्यवस्थाओं को दूर कर ट्रस्ट संचालन के लिए न्यायसंगत बायलाज (विधान) बनाकर प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है।
अचलेश्वर महादेव मंदिर शहरवासियाें के लिए बड़ा आस्था का केंद्र है। साथ ही यहां पर शहर के अलावा आसपास के इलाकों के हजाराें लोग दर्शन करने आते हैं। इस मंदिर में लगे भ्रष्टाचार के आरोपाें के चलते यहां पर भक्तों को काफी ठेस लगी है। इसके चलते न्यायालय ने दोनों रिसीवर को मंदिर की अव्यवस्थाओं को दूर कर ट्रस्ट संचालन के लिए न्याय संगत बायलाज (विधान) बनाकर प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है। रिसीवर सेवानिवृत्त डीजे अवधेश श्रीवास्वत व संजय चुतर्वेदी ने महाकाल ट्रस्ट, मां पीतांबर ट्रस्ट, सनातन धर्म मंदिर और राममंदिर ट्रस्ट सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के बायलाज अध्ययन करने के लिए मंगाए हैं। इन बायलाज का अध्ययन कर श्री अचलेश्वर मंदिर न्यास को संचालित करने के लिए बायलाज (विधान) बनाकर कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिसीवर भी इस बात काे देखकर आश्चर्यचकित हैं कि अभी तक न्यास के पब्लिक ट्रस्ट में पंजीबद्ध होने के कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। अगर न्यास पंजीबद्ध नहीं हैं या फिर पंजीबद्ध होने के बाद उसका रजिस्ट्रेशन निरस्त हो गया है तो उसे पहले पब्लिक ट्रस्ट में शामिल किया जाएगा। इसी नियम के चलते रिसीवराें ने बुधवार को दानपेटियों को खोलना प्रारंभ कर दिया है। पहली पेटी खोली जा चुकी है, जबकि शाम तक 12 पेटियों को और खोला जाएगा।