डीबी सिटी के 300 फ्लैटों की बिजली काटी चार घंटे हुआ प्रदर्शन, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आई बिजली

May 31 2022

ग्वालियर। सचिन तेंदुलकर मार्ग स्थित शहर की प्रतिष्ठित पाश कालोनी डीबी सिटी में गत रात हंगामा हो गया। यहां कुछ रहवासियों से पुराने संधारण शुल्क के विवाद पर बिल्डर ने 300 फ्लैटों की बिजली काट दी। बिजली जाते ही कई लोग लिफ्ट में फंसे रह गए और लोगों ने बाहर आकर हंगामा करना शुरू कर दिया। मदद के लिए अफसरों को फोन लगाने का सिलसिला शुरू हुआ और सचिन तेंदुलकर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश दी। पीडि़तों का कहना था कि बिल्डर कुछ लोगों के विवाद की सजा और लोगों को क्यों दे रहा है,जबकि उन्होंने पूरा शुल्क जमा किया है। गार्ड और सफाई की व्यवस्था भी दो दिन से बंद करा दी। पुलिस ने प्रशासन से बात की और बिल्डर से बिजली बहाल कराई। इस मामले में प्रशासन के साथ बैठक होगी।
शहर की पाश कालोनी डीबी सिटी में टू-बीएचके और थ्री बीएचके के फ्लैटों के टावर बने हुए हैं। इसके अलावा विला व ड्यूप्लेक्स भी स्थित हैं। कालोनी की रहवासी सहकारी संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि टू-बीएचके वाले रहवासियों में कुछ लोगों का पुराना छह से आठ साल से संधारण शुल्क को लेकर बिल्डर से विवाद चल रहा है। गत रात करीब आठ बजे टू-बीएचके व थ्री-बीएचके टावर में तीन सौ फ्लैटों की बिजली चली गई। पहले सोचा की कोई फाल्ट हुआ है, लेकिन इसके बाद पता चला कि बिल्डर ने बिजली काट दी है। संधारण शुल्क को लेकर यह बिजली काटी गई और दो रोज पहले से रहवासियों के यहां से सुरक्षा व्यवस्था व सफाई व्यवस्था भी बंद करा दी गई थी।
दो दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था व सफाई की व्यवस्था भी बिल्डर ने बंद करा दी। इससे निपट पाते तब तक यह बिजली काटे जाने का मामला हो गया। लोगों का कहना था कि इस तरह परेशान किया जा रहा है, जबकि बुकिंग करते समय सब बेहतर बताया था। लोगों ने यह तक कहा कि वह ठग गए। तेज गर्मी के कारण बिजली जाते ही हालत खराब हो गई। सभी लोग फ्लैटों से निकलकर नीचे आने लगे और एकत्रित हो गए। गर्मी में पसीना-पसीना होकर लोग प्रदर्शन कर रहे थे।
पदाधिकारियों ने बताया कि सवा रुपये फीट के हिसाब से बिल्डर संधारण शुल्क ले रहा है। टू-बीएचके के मासिक 1800 रुपये, थ्री-बीएचके के मासिक 2400 रुपये संधारण शुल्क बतौर लिए जा रहे हैं। सभी समय से यह शुल्क दे रहे हैं, इसके बाद भी बिल्डर मनमानी कर परेशान कर रहा है। 
दस प्रतिशत लोगों के संधारण शुल्क के विवाद पर बिल्डर ने तीन सौ घरों की बिजली काट दी। कई लोग लिफ्ट में फंस गए तो बिजली जाने के कारण गर्मी में सभी लोग नीचे सीढिय़ों से आने में परेशान हो गए। बिजली रात में बहाल कर दी गई, अब प्रशासन के साथ बैठक होगी।
इस बारे मेें थाना प्रभारी सिरोल थाना गजेंद्र धाकड़ का कहना है कि डीबी सिटी के लोगों की बिजली काटे जाने को लेकर लोगों ने हंगामा व चक्का जाम कर दिया था, जिसे बिजली बहाल कराकर खुलवाया गया। प्रशासन को इस मामले की जानकारी दी गई,अपर जिला मजिस्ट्रेट के साथ बैठक होगी, जिसमें स्थाई हल निकलेगा।