आईपीएल फाइनल में क्राइम ब्रांच ने छह जगह पकड़ा सट्टा

May 30 2022

ग्वालियर। गुजरात टाइटन व राजस्थान रॉयल के बीच आईपीएल के फाइनल में चल रहे मैच पर सट्टा लगवा रहे सटोरियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर होटल के कमरों से लेकर चलती कार व गलियों से सटोरियों को पकड़ा है। पकड़े गए सटोरियों से नगदी, कार व बाइक जप्त कर लाखों का हिसाब बरामद किया है। जबकि एक ऐसा सटोरिया पकड़ा है जो भोपाल का है और भोपाल के ग्राहकों से शहर में सट्टा लगवा रहा था। पकड़े गए सटोरियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर क्राइम ब्रांच ने पूछताछ शुरू कर दी है।
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि भोपाल का शातिर सटोरिया गप्पू शहर में सट्टा लगवा रहा है। सूचना मिलते ही टीआई संतोष यादव, एएसआई राजीव सोलंकी, प्रधान आरक्षक रामबाबू, आरक्षक गौरव आर्य, आशीष शर्मा, महिला आरक्षक राखी बैस को सटोरिए की तलाश कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिस पर क्राइम ब्रांच की टीम ने थाटीपुर थाना पुलिस की मदद से मरघट के पास कार में सट्टा लगवा रहे गप्पू को पकड़ लिया। क्राइम ब्रांच ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से पचास हजार रुपए, 6 मोबाइल व उसमें करीब एक करोड़ साठ लाख का हिसाब मिला है। पड़ताल में पता चला है कि पुलिस से बचने के लिए वह ग्वालियर में रहकर ऑनलाइन भोपाल के ग्राहकों से सट्टा लगवाता था, जिससे वह पुलिस के हत्थे ना चढ़े। वहीं पड़ताल में पता चला है कि वह ईदगाह भोपाल निवासी बबलू नामक सटोरिए से लाइन ली और उनकी लाइन दुबई से कनेक्ट है।
कार में लगवा रहा था सट्टा
क्राइम ब्रांच व जनकगंज थाना पुलिस ने तारागंज में कार में सट्टा लगवा रहे तीन सटोरियों हर्षित पाण्डे, हर्ष गुप्ता व भूपेन्द्र कौरव निवासी दतिया को पकड़ा है। पुलिस को पकड़े गए सटोरियों से 12 हजार रुपए नगदी, दो मोबाइल व कार सहित लाखों का हिसाब मिला है।
वहीं इंदरगंज थाना क्षेत्र के ऊंट पुल के पास क्राइम ब्रांच व इंदरगंज थाना पुलिस ने छह सटोरियों अतुल, लवकुमार, आदित्य नामदेव, सूरज और राजेश पाल को सट्टा लगवाते पकड़ा है। पकड़े गए सटोरियों से पुलिस को साढ़े नौ हजार रुपए नगदी, छह मोबाइल सहित लाखों का हिसाब मिला है।
इसी तरह गोला का मंदिर थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने कॉल्पी ब्रिज पुल पर सट्टा लगवा रहे आकाश राजपूत पुत्र रमेश राजपूत को सट्टा लगवाते पकड़ा है। पकड़े गए सटोरिया से नगदी के साथ ही लाखों का हिसाब व मोबाइल जप्त किया है। 
इसी तरह क्राइम ब्रांच व पड़ाव थाना पुलिस ने आरोग्य सदन के पास सट्टा लगवा रहे दिनेश पुत्र रामवीर को पकड़ा व उसकी तलाशी में नगदी व मोबाइल के साथ ही चार लाख 56 हजार 789 रुपए के चेक बरामद हुए हंै। 
रामलीला मैदान में पकड़ा सटोरिया
क्राइम ब्रांच व मुरार थाना पुलिस ने रामलीला मैदान में सट्टा लगवा रहे सटोरिए को पकड़ा है। पकड़े गए सटोरिए के पास से पांच हजार रुपए, मोबाइल मिला है। क्राइम ब्रांच की पूछताछ मे ंखाईबाज का नाम भी मिला है। पुलिस ने पकड़े गए सटरियों रवि जाटव व लाइन देने वाले आरोपी भूरा गुर्जर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।