आगामी पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी रहें उपलब्ध: एडीजी

May 29 2022

ग्वालियर। पुलिस कन्ट्रोल रूम ग्वालियर सभागार में ग्वालियर जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों की लंबित अपराधों व आगामी पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए एडीजी डी. श्रीनिवास वर्मा एवं एसएसपी अमित सांघी द्वारा बैठक ली गई। बैठक के प्रारंभ में एडीजी ग्वालियर जोन द्वारा मौजूद समस्त पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से उनका परिचय प्राप्त किया। इसके पश्चात एडीजी ग्वालियर जोन एवं एसएसपी ग्वालियर द्वारा विगत दिवस डीएसपी से एएसपी के पद पर पदौन्नत हुए सीएसपी लष्कर आत्माराम शर्मा को रैंक लगाकर पदौन्नति की बधाई दी, तद्उपरांत एडीजी ग्वालियर जोन द्वारा ''डीजी-सीआरÓÓ अवार्ड से सम्मानित किये गये एसएसपी ग्वालियर के निज सहायक विनोद राठौर एवं आईटी सेल ग्वालियर के प्रधान आरक्षक संजय शर्मा को मैडल लगाकर, डीजी-सीआर प्रमाण पत्र प्रदान कर उनको बधाईयां दी।
एडीजी ग्वालियर जोन ने बैठक में उपस्थित ग्वालियर जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के परिपेक्ष्य में पुलिस की ड्यूटी बिल्कुल भी आसान नहीं है, पुलिस का प्रत्येक दिन चुनौती पूर्ण होता है। ऐसे में आप सभी को स्वंय की सुरक्षा के साथ-साथ पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिये। आप सभी को आगामी पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए अपने-अपने कार्य क्षेत्र में हर वक्त उपस्थित रहना चाहिए, साथ ही अपनी फरियाद लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुनकर उस पर त्वरित वैधानिक कार्यवाही करना चाहिये। उन्होने यह भी कहा कि देहात की पुलिसिंग शहर की पुलिसिंग से बिल्कुल अलग होती है इस वजह से देहात के थाना प्रभारियों को पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए अपने-अपने थाना क्षेत्र और अधिक मेहनत व लगन से कार्य करना चाहिये तभी हम अपने जिले की कानून व्यवस्था को कायम रख पायेंगे।