मिठाई की दुकान से 25 हजार नकदी व चाकलेट और ठंडाई की बोतल ले गए चोर

May 27 2022

ग्वालियर। आपने चोरों के गहने, पैसे चोरी करने की बात तो अक्सर सुनी होगी, लेकिन ग्वालियर में एक ऐसी चोर गैंग सक्रिय हो गई है जो पैसे के साथ ही दुकान में रखा खाने पीने का सामान भी समेटकर ले जाती है। इस गैंग ने हाल ही में एमएलबी रोड पर कांग्रेस कार्यालय के सामने स्थित गणनायक मिष्ठान भंडार को अपना निशाना बनाया है। चोर यहां से 25 हजार नकद के साथ ही चाकलेट और ठंडाई की बोतल तक समेटकर ले गए हैं। चोरी के इस तरीके से पुलिस भी हैरान है। प्रतिष्ठान के संचालक ललित खंडेलवाल ने मिठाई की दुकान में चोरी होने की सूचना इंदरगंज थाना पुलिस को दी। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से पता चला कि चोर आटो से आए थे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। बताया गया है कि इस दुकान में चौथी बार चोरी हुई है।
एमएलबी रोड कांग्रेस कार्यालय के पास अर्जी वाले गणेशजी का प्राचीन मंदिर है। इसी मंदिर परिसर में ललित खंडेलवाल की प्रसाद की दुकान है। दुकान के पीछे ही उनका निवास है। रात को दुकान बंद करके गए थे। शुक्रवार की सुबह किसी को आर्डर का सामान देना था, इसलिए सुबह जल्दी दुकान खोलने के लिए उनका पुत्र मोनू आया। शटर का ताला लगाने वाले कुंदे कटे देखकर उसकी समझ में आ गया कि दुकान में फिर चोरी हो गई। दुकान का शटर उठाकर देखा तो शोकेस में सजी महंगी चाकलेट, ठंडाई के कार्टून, सहित काफी सामान गायब था। दुकान का गल्ला खुला हुआ था। उसमें रखे 25 से 30 हजार रुपये गायब थे। दुकान में चोरी होने की सूचना उसी समय इंदरगंज थाना पुलिस को दी। पुलिस भी पड़ताल करने के लिए मौके पर पहुंच गई।
दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि चोरी तड़के तीन बजे के आसपास हुई है। चोर एक आटो से आए थे। दुकान के सामने आटो खड़ाकर शटर के कुंदे काटे हैं। कुंदे काटने के बाद दुकान का शटर गिराकर चोरी की है। पुलिस को फुटेज में चोरों के धुंधले चेहरे भी नजर आए हैं। पुलिस इस आटो की पहचान करने की कोशिश कर रही है।