ओड़ीसा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे तस्कर को पकड़ा, 21 किलो गांजा बरामद

May 26 2022

ग्वालियर। गोला का मंदिर थाना पुलिस ने ओडीसा के गांजा तस्कर संतोष गोमद को रेलवे पुल के नीचे से पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के पास से 20 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ओड़ीसा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक ट्रेन से उतरा है और उसके पास प्लास्टिक के बैग हैं। इस बैग में गांजा हो सकता है। यह संदिग्ध युवक टैक्सी पकड़कर गोला का मंदिर की तरफ गया है। इस सूचना पर गोला का मंदिर थाना पुलिस को सक्रिय किया गया। तत्काल एक टीम गठित कर संदिग्ध युवक को पकडऩे के लिए लगाई गई। इस युवक को पुलिस पार्टी ने रेलवे पुल के नीचे से पकड़ लिया। आरोपी मुरैना की तरफ जाने के लिए किसी वाहन की तलाश कर रहा था। संदिग्ध युवक के प्लास्टिक के बैग मौके पर ही चेक करने पर आरोपी के बैग में गांजा निकला। मौके पर ही बैग में मिले गांजे की तौल कराने पर पता चला कि गांजा 20 किलो 700 ग्राम है।
पुलिस पार्टी गांजे के साथ पकड़े गए युवक को थाने लेकर आई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोष गोमद निवासी ओड़ीसा बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में गांजे की काफी मांग है और कीमत भी अच्छी मिल जाती है। एक चक्कर पर एक लाख रुपये से अधिक का मुनाफा हो जाता है। वह दिल्ली जाने के लिए स्टेशन पर उतर गया था। यहां उसका इरादा सड़क मार्ग से दिल्ली जाने का था। पुलिस आरोपी से गांजे के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।