बड़ा गांव हाइवे पर सड़क हादसे में मुरैना के दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत

May 26 2022

ग्वालियर। मुरैना से पांच लोग ग्वालियर के सिरोली गांव में फलदान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। वह बड़ा गांव हाइवे पर विक्रांत कालेज के पास पहुंचकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हैं। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। मामले की जानकारी लगने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना बड़ागांव खुरेरी के पास की है। परिवार सड़क पर वाहन का इंतजार कर रहा था। 
मुरैना उत्तमपुरा निवासी निरपाल उर्फ पप्पू जाटव (60), राजा बेटी जाटव (50), बहू राजा बेटी जाटव (35), बच्ची पूनम (7) और रेशमा (6) के साथ बीते रोज ग्वालियर आए थे। यहां वह सिरोली गांव में बेताल सिंह के भतीजे पपलेश पुत्र रामअवतार के फलदान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। बुधवार की रात को कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गुरूवार की सुबह यह सभी लोग वापस मुरैना लौट रहे थे। गांव से पैदल-पैदल बड़ा गांव हाइवे पर विक्रांत कालेज के पास तक पहुंचे थे। यहां पर वह सड़क किनारे बैठकर किसी वाहन के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार सफेद रंग का वाहन आया और इन सभी को कुचलता हुआ निकल गया। वाहन की टक्कर लगने से सुरेश खरे और एक अन्य दूर झाडिय़ों में जा गिरे, जबकि राजाबेटी उसकी सास, पप्पू और उसकी दोनों भतिजियों की इस हादसे में घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं सिरोली गांव से रिश्तेदार भी पहुंच गए। पुलिस शव उठाकर पीएम के लिए पहुंचाती इससे पहले ही स्वजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्साई भीड़ में से कुछ लोग बड़ा गांव हाइवे पर सड़क पर लेट गए। बाद में यहां पर झाडिय़ां एवं वाहन लगाकर लोगों ने चक्काजाम कर दिया। पुलिस भी मूक दर्शक बनी केवल तमाशा देखती रही। उधर जाम के कारण हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।