दोस्तों में विवाद, मारी गोली,आरोपी की तलाश

May 25 2022

ग्वालियर। एक युवक ने दोस्त को गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी। घटना ग्वालियर थाना क्षेत्र के घासमण्डी इलाके की है। घटना का पता चलते ही परिजन घायल को लेकर अस्पताल रवाना हुए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 
ग्वालियर थाना क्षेत्र के घासमण्डी निवासी बीस वर्षीय अमन प्रजापति पुत्र तुलसीराम प्रजापति छात्र है और बुधवार सुबह वह अपने दोस्त छोटू कटारिया के साथ जा रहा था और रास्ते में किसी बात पर इनके बीच विवाद हो गया और विवाद में दोनों के बीच हाथापाई हो गई और गुस्से में छोटू कटारिया ने कट्टा निकाल कर अमन पर गोली चला दी। गोली अमन के पेट में लगी और वह सड़क पर गिर गया। जब तक लोग समझते उससे पहले ही छोटू वहां से भाग निकला। मामले का पता चलते ही स्थानीय लोगों ने घायल अमन को उपचार के लिए रवाना कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायल के बयान लेने के लिए अस्पताल रवाना कर दिया है। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आरोपी छोटू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 
अब पुलिस पड़ताल कर पता लगा रही है कि उनके बीच ऐसा क्या विवाद हुआ था कि दोस्तों में गोली चल गई। फिलहाल डॉक्टर घायल अमन का उपचार कर रहे हंै।