पक्षियों को दाना पानी रखना हमारा अनिवार्य कर्तव्य-कृष्ण चंद्र

May 24 2022

ग्वालियर। जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वह घर पवित्र होता है। और वहां देवता निवास करते हैं। जिस प्रकार नित्य आहार, व्यवहार, दुकान, नौकरी, शयन आवश्यक है। ठीक उसी प्रकार नित्य भगवान का भजन, ध्यान, पक्षियों को दाना-पानी रखना हमारा अनिवार्य कर्तव्य है। जिसका पालन प्रत्येक व्यक्ति को करना चाहिए। यह विचार फूलबाग मैदान में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के सप्तम दिन व्यासपीठ से कृष्ण चंद्र शास्त्री ठाकुर ने व्यक्त किए। श्री शास्त्री जी ने कहा पशु-पक्षी एवं वृक्ष संरक्षण हेतु समर्पित समूह विगत 10 वर्षों से पक्षियों के लिए 2 लाख से अधिक सकोरे, आश्रय के लिए बर्ड्स हाउस, पशुओं के लिए पानी की टंकी निशुल्क वितरण कर रहा है। जो सराहनीय है। समूह द्वारा कथा का रसपान कर रहे भक्तगणों को सकोरे बांटे जाने पर में समूह की भूरी-भूरी प्रशंसा करता हूं। 
इस मौके पर दाना पानी फॉर बर्ड्स समूह के संयोजक राज चड्ढा ने कहां प्रतिदिन पक्षियों के लिए दाना पानी करने से घरों में नकारात्मकता, रोग, अशांति नहीं रहती है। दाना पानी करने से पशु-पक्षियों की असंख्य दुआएं हमें प्राप्त होती है। जिससे हमारा जीवन खुशहाली और प्रगति की ओर बढ़ता है। आज प्राप्त सकोरो को आप सभी प्रतिदिन साफ पानी से भर कर उचित स्थान पर रखें। और कृष्ण शास्त्री महाराज के सानिध्य में श्रीमद्भागवत के पवित्र प्रांगण से संकल्प लेकर जाएं कि अपनी दिनचर्या में दाना पानी सम्मिलित करेंगे और अपने सगे-संबंधियों को भी दाना पानी करने के लिए प्रेरित करेंगे। जिसकी प्रतिक्रिया स्वरूप भक्तगणों ने दोनों हाथ उठाकर संकल्प लिया।
इस मौके पर दाना पानी फॉर बर्ड्स समूह के प्रतिनिधि सुधीर कुशवाह और शुभम चौधरी का व्यासपीठ से कृष्ण चंद्र शास्त्री ने अंग वस्त्र पहनाकर सम्मान किया। श्री कुशवाह और श्री चौधरी ने महाराज को सकोरे एवं बर्ड्स हाउस सप्रेम भेंट किए।