सट्टा खिला रहा सटोरिया पुलिस को देख भागा, 40 मिनट की मशक्कत के बाद पकड़ा

May 23 2022

ग्वालियर। एक सटोरिए को पकडऩे में क्राइम ब्रांच और सिरोल पुलिस को पसीना आ गया। पुलिस को देखकर सटोरिए ने दौड़ लगा दी। पुलिस ने भी दौड़ लगाकर करीब 40 मिनट बाद संकरी गलियों में उसे घेरकर पकड़ा है। इस दौरान पुलिस जवान पसीना-पसीना हो गए। पकड़े गए सटोरिए से पुलिस ने 20 हजार रुपए नकद, 70 लाख के सट्टे का हिसाब किताब और मोबाइल बरामद किया है। हैरत की बात यह है कि पकड़े गए सटोरिए के मोबाइल में 60 प्रतिशत क्लाइंट सेना से जुड़े लोग मिले हैं। वह फौजियों से सट्टा लगवाता था जिससे पुलिस उस तक नहीं पहुंच सके।
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि सिरोल इलाके में एक युवक आईपीएल के मैचों पर सट्टा ले रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और सिरोल थाने की पुलिस की टीम बनाकर सटोरिए की घेराबंदी कराई गई। जब पुलिस की टीम सिरोल रोड सचिन तेंदुलकर मार्ग पहुंची तो पुलिस को देखते ही सटोरिए ने दौड़ लगाते हुए गलियों का रास्ता पकड़ लिया। सटोरिए को गलियों में दौड़ते देखकर पुलिस और क्राइम ब्रांच के जवान भी पैदल उसके पीछे दौड़े और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद उसे घेरकर पकड़ लिया गया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए सटोरिए की पहचान राहुल गुर्जर निवासी कुशवाह मार्केट महाराजपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया सटोरिया ज्यादातर फौजियों से सट्टा लगवता था। पड़ताल में उसके पास से बीस हजार रुपए नगदी के साथ मोबाइल व 70 लाख रुपए का हिसाब मिला है। उसके पास से बीस आईडी के साथ ही 200 क्लाइंट का भी पता लगा है। ज्यादातर क्लाइंट फौजी हैं।
पूछताछ में सटोरिए ने बताया कि वह भिण्ड निवासी प्रदीप शर्मा से आईडी लेकर सट्टा खिला रहा था। प्रदीप शर्मा को वह सट्टा उतारता था। पुलिस अब उसकी अन्य जानकारी जुटाने में लग गई है। साथ ही प्रदीप शर्मा का नाम भी एफआईआर में जोड़ लिया है।
एएसपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडौतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच व सिरोल पुलिस ने सटोरिया पकड़ा है। पकड़े गए सटोरिए से नगदी के साथ ही 70 लाख रुपए का हिसाब मिला है। कई क्लाइंट होने के सबूत मिले हैं। पूछताछ जारी है।