होटल साया इन में लगी आगे, छत से कूदकर लोगों ने बचाई जान

May 22 2022

ग्वालियर। सिटी सेंटर पर होटल साया इन में गत रात साढ़े ग्यारह बजे भीषण आग लग गई। घटना के समय होटल में सगाई समारोह चल रहा था। ऐसे में आमदिनों के मुकाबले भीड़ काफी ज्यादा थी। आग लगने के बाद कई लोग अंदर फंस गए। होटल स्टाफ ने जब आग की लपटें और धुआं उठते देखा तो तत्काल सगाई कार्यक्रम में शामिल लोग एवं कमरों में ठहरे गेस्ट को बाहर निकालना शुरू किया। इस दौरान कुछ लोग जो अंदर फंसे थे, वह खिड़की से बाहर कूद गए। जिससे दो लोगों के पैर में चोट भी आई है। आग लगने के करीब 40 मिनट बाद दमकल अमला पहुंचा, तब तक आग पूरे बेसमेंट में फैल चुकी थी।
सिटी सेंटर में होटल साया इन में गत रात को दिल्ली के एक परिवार का सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम ग्राउंड फ्लोर पर था। ऐसे में अच्छी खासी भीड़ थी। इसी दौरान रात साढ़े ग्यारह बजे अचानक बेसमेंट में शार्ट सर्किट से आग लग गई। जहां पर आग लगी वहां पर फाम के गद्दे रखे हुए थे। थोड़ी ही देर में गद्दों ने आग पकड़ ली और तेजी से होटल में धुआं भरना शुरू हो गया। लोगों ने जब बेसमेंट से धुआं उठते देखा तो समझ गए कि नीचे आग लगी है। होटल स्टाफ भी अलर्ट मोड पर आ गया। तत्काल दमकल अमले को सूचना देने के साथ ही होटल से लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। सबसे पहले सगाई कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों को बाहर निकाला गया। इसके साथ ही होटल के कमरों में ठहरे गेस्ट को बाहर निकालना शुरू किया गया।
होटल में आग करीब रात साढ़े ग्यारह बजे लगना बताया जा रहा है। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना देने का दावा किया जा रहा है। जबकि पहला दमकल वाहन रात 12.10 बजे पहुंचा। इसके कुछ देर बाद ही दूसरी गाड़ी भी पहुंच गई। फिर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
होटल में अधिकांश कमरों को खाली करा लिया गया था, लेकिन कमरा नंबर 402 में दो युवक फंस गए थे। वह जब लिफ्ट से नीचे पहुंचे तो पहली मंजिल पर धुआं भरा हुआ था। ऐसे में जान बचाने के लिए दोनों युवक खिड़की से पहली मंजिल से नीचे कूद गए। जिससे दोनों के पैर में काफी चोट आई है। वहीं आग से बचने के लिए डाग( श्वान) रिसेप्शन के नीचे छिप गया। लोगों ने उसे बाहर निकाला।