झगड़े का बदला लेने किसान ने रची 1.95 लाख रुपये लूट की झूठी कहानी

May 21 2022

ग्वालियर। बारादरी चौराहे पर मारपीट कर एक लाख 95 हजार रुपये लूटने की किसान अशरफ अली द्वारा की गई शिकायत झूठी निकली है। फरियादी ने अपने दोस्त प्रीतम के साथ मिलकर रामअवतार को लूट में झूठा फंसाने के लिए लूट की झूठी सूचना डायल 100 पर दी थी। लूट की झूठी कहानी सामने आने पर फरियादी ने स्वीकार किया कि यात्री वाहन में बैठने को लेकर उसका रामअवतार गुर्जर से झगड़ा हो गया था। उसे फंसाने के लिए लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी थी।
मुरार थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि बस स्टैंड के पास बेहट निवासी अशरफ अली ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह गत दिवस सरसों बेचने के लिए शहर आया था। एक लाख 95 हजार रुपये में सरसों बेचने के बाद वह घर लौट रहा था। बारादरी चौराहे पर एक बदमाश उसके रुपये लूटकर ले गया। लूट की कहानी का सच जानने पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फरियादी ने लूट की घटना शाम सवा चार बजे की बताई थी, जबकि मंडी में उसने सरसों का भुगतान साढ़े पांच बजे लिया था। झूठ पकड़ में आने के बाद उसने सच उगल दिया।
अशरफ अली की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा उसके साथी के घर से लूटी गई रकम 1 लाख 95 हजार रूपये को बरामद कर लिया गया। इस प्रकार थाना मुरार पुलिस की तत्परता से लूट की झूठी बारदात का खुलासा किया गया।