युवती के अपहरण के आरोप में जनकगंज थाने में हाजिर हुए युवक ने माउथ फ्रेशनर में मिलाकर जहर खाया, मौत
May 20 2022
ग्वालियर। जनकगंज थाने में युवती के अपहरण के मामले में नामजद कृष्णा जैन पुलिस के दबाव में गत रात साढ़े आठ बजे युवती के साथ थाने में हाजिर हुआ था। आधा-पौन घंटे बाद ही आरोपी की पुलिस अभिरक्षा में हालत बिगड़ गई। आरोपी के सल्फास खाने का पता चलते ही पुलिस ने उसे इलाज के लिए जेएएच में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार सुबह उसकी साढ़े छह बजे मौत हो गई। युवक की हालत बिगडऩे पर युवती ने बताया कि पुलिस के सामने हाजिर होने से पहले हम दोनों आत्महत्या करने का मन बनाकर आए थे। दोनों माउथ फ्रेशनर में जहरीला सल्फास मिलाकर लाए थे। थाने जाने से कब कृष्णा ने जहरीला माउथ फ्रेशनर गटक लिया और मेरा माउथ फ्रेशनर जेब में रखा है। पुलिस ने युवती की जींस की जेब से माउथ फ्रेशनर बरामद कर लिया है। उसमें से सल्फास की गंध आ रही थी। एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि आरोपी पुलिस अभिरक्षा में आ चुका था, इसलिए उसकी मौत की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। मृतक के पिता शैलेंद्र जैन ने संदेह जताया है कि युवती की मां ने उनके बेटे को जहर दिया है।
गोल पहाडिय़ा से बुधवार को एक युवती घर से लापता हुई थी। युवती के घरवालों ने इसकी सूचना जनकगंज थाना पुलिस को दी। युवती की मां ने संदेह जताया कि नवग्रह कालोनी गोल पहाडिय़ा निवासी कृष्णा जैन (22वर्ष) पुत्र शैलेंद्र जैन बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर युवती व युवक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी व अपह्रत युवती का पता लगाने के लिए उसके घरवालों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस आरोपी व युवती के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर दोनों की मौजूदगी का पता लगा रही थी। तो पता चला कि युवक की घरवालों से बात हो रही थी।
युवती की मां के साथ दोनों रात में थाने पहुंचे
पुलिस के दबाव के बाद युवती की मां व अन्य घरवालों के साथ कृष्णा व युवती गत रात साढ़े आठ बजे जनकगंज थाने पहुंच गए। पुलिस ने युवती को अलग कमरे में बैठा दिया और आरोपी को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। युवती से महिला पुलिस अधिकारी बात कर पता लगा रही थी कि आरोपी उसे कहां ले गया और उसके साथ कोई जोर जबरदस्ती तो नहीं की।
तभी अचानक थाने में युवक की हालत बिगडऩे लगी। पूछताछ करने पर उसने पुलिस को बताया कि उसने सल्फास खा लिया है। आरोपी के मुंह से यह वाक्य सुनते ही पुलिस के होश उड़ गए। तत्काल उसे थाने की मोबाइल में डालकर इलाज के लिए जेएएच ले गए, जहां उसकी शुक्रवार की सुबह साढ़े छह बजे मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने युवक के शव को अपनी निगरानी में लेकर डेड हाउस पहुंचा दिया।
कहां खाया जहरीला माउथ फ्रेशनर
अभी इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि आरोपी जनकगंज थाने में हाजिर होने से पहले सल्फास मिला माउथ फ्रेशनर खाया है या फिर उसने थाने में पहुंचने के बाद खाया है। थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक माउथ फ्रेशनर खाते हुए नजर नहीं आया है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने जहर थाने में घुसने के साथ ही खाया है। सल्फास में काफी तीखी गंध होती है। उसे बगैर पानी के हलक के नीचे नहीं उतारा जा सकता है।
मृतक के पिता शैलेंद्र जैन ने बताया कि उनका बेटा टमटम चलाता था। दो दिन पहले युवती की मां ने घर आकर बताया कि उनका बेटा हमारी लड़की को ले गया है। उन्होंने धमकी दी कि बेटी वापस नहीं लौटी तो पूरे घर को फंसवा दूंगी। उसके बाद उन लोगों को थाने भी बुलाया गया और बेटे व युवती को थाने में हाजिर करने के लिए दबाव डाला गया। हम लोगों ने प्रयास किया कि दोनों वापस आ जाएं और युवती उसके घर पहुंच जाए। रात में युवती की मां के साथ दोनों जनकगंज थाने पहुंचे। इसलिए उन्हें आशंका है कि युवती की मां ने उनके बेटे को मारने के इरादे से जहर दिया है। पुलिस से न्याय की मांग की है।
युवती ने मजिस्ट्रेट को दिए बयान में मृतक प्रेमी का पक्ष लिया
घटना के बाद मजिस्ट्रेट के सामने युवती के बयान हुए हैं। जिसमें युवती ने बताया कि वह अपनी मर्जी से कृष्णा के साथ गई थी। ग्वालियर से निकलकर वह आगरा पहुंचे ही थे कि उसे पता लगा कि यहां उसके घरवालों ने कृष्णा पर अपहरण का मामला दर्ज करा दिया है। इसके बाद वह वापस लौटे और जनकगंज थाने पहुंचे। कृष्णा ने रास्ते से ही सल्फास की गोली खरीदी थी।
इस मामले में एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि आरोपी पुलिस अभिरक्षा में आ चुका था और उसकी मौत सुबह हुई है। इसलिए न्यायिक दंडाधिकारी जांच के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश को सुबह ही पत्र भेजा गया था। जांच के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया गया है। उनकी निगरानी में मर्ग की जांच की जा रही है। युवक आटो चलाता था। उसके खिलाफ झांसी रोड, मुरार में आपराधिक प्रकरण भी दर्ज थे।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









