खुद को अपहृत बता, मांगे दो लाख, होटल में मिला युवक

May 18 2022

ग्वालियर। एक युवक ने खुद के अपहरण की कहानी रच, परिजनों से दो लाख रुपए की फिरौती की मांग की। घटना बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के रानी घाटी के जंगल की है। घटना का पता चलते ही थाना पुलिस के साथ ही वरिष्ठ अफसर पहुंचे और जंगल की सर्चिंग शुरू कर दी। रात भर की सर्चिंग के बाद पता चला कि युवक शिवपुरी में है और एक होटल में है। इसका पता चलते ही पुलिस शिवपुरी पहुंची और युवक को पकड़ कर पूछताछ शुरू कर दी है। 
एएसपी देहात जयराज कुबेर ने बताया कि वार्ड चार निवासी 21 वर्षीय अनिल उर्फ भिण्डा पुत्र भागीरथ प्रसाद प्राइवेट जॉब करता है। बीते रोज भी वह घर से ड्यूटी करने के लिए निकला था। शाम करीब साढ़े चार बजे अनिल ने घर पर कॉल किया, कि चार हथियारबंद बदमाशों ने उसका अपहरण रानी घाटी से कर लिया है। इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। मामले का पता चलते ही परिजन रानीघाटी पहुंचे तो वहां पर अनिल की बाइक सड़क किनारे पड़ी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसडीओपी व एएसपी सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। 
पुलिस अनिल की तलाश की तैयारी कर रही थी कि तभी उसके मोबाइल से कॉल आया और उसने बताया कि अपहरण करने वाले दो लाख रुपए की फिरौती मांग रहे हैं। 
युवक के अगवा होने को गंभीरता से लेते हुए दो पुलिस टीम जंगल में सर्चिंग में उतर गर्इं। इसी बीच पता चला कि युवक की लोकेशन शिवपुरी में है। इसका पता चलते ही पुलिस शिवपुरी पहुंची और अनिल को एक होटल से सोते में बरामद कर लिया। 
पुलिस को उसकी सटीक जानकारी ना मिले इसके लिए अनिल कुछ सैकेण्ड के लिए मोबाइल शुरू करता और फिर बंद कर लेता। लेकिन इसी बीच पुलिस को उसका सुराग मिल गया और उसे पकड़ लिया। पड़ताल में पता चला है कि वह काम से परेशान था और उसके काम के बदले में घर वालों ने एडवांस ले लिया था, इससे वह काफी परेशान हो गया था।