गर्मी के मौसम में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की समस्या नहीं आना चाहिए- सिलावट
May 18 2022
ग्वालियर। गर्मी के मौसम में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को पेयजल की समस्या नहीं होना चाहिए। हर व्यक्ति को पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले, यह भी सुनिश्चित किया जाए। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बुधवार को प्रात 8.30 बजे मुरार सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।
सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, स्वच्छता के साथ-साथ ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में मध्यप्रदेश बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, प्रभारी संभागीय आयुक्त राजीव दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, प्रभारी कलेक्टर आशीष तिवारी, एडीएम इच्छित गढ़पाले सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए हैं कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में 25-25 पेयजल के टैंकर रिजर्व में भी रखे जाएं। जिन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति में कठिनाई आ रही है वहाँ पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में केन्द्र सरकार की योजनाओं के तहत पेयजल वितरण के लिये तैयार की गई टंकियों पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का फोटो भी लगाया जाए।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने जल-जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया है कि 438 गाँवों की जो डीपीआर तैयार हुई है उनका कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही शेष गाँवों की डीपीआर भी तत्परता से बनाई जाए। मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र में पाइप लाईन बिछाने के बाद सड़कों के संधारण का कार्य भी शीघ्र पूर्ण किया जाए। बरसात के दौरान किसी भी गाँव में समस्या नहीं रहना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र में हैंड पम्पों के संधारण का कार्य भी सर्वोच्च प्राथमिकता से कराया जाए। साडा क्षेत्र के जिन ग्रामों में पेयजल में समस्या है उसके स्थायी समाधान के लिये भी शीघ्र कार्रवाई की जाए।
स्वच्छता को बनाएं जन आंदोलन
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने स्वच्छता अभियान की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया है कि स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाया जाए। समाज के सभी वर्गों को जोड़कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने का कार्य किया जाए। शहर के हर नागरिक के व्यवहार में स्वच्छता के लिये स्थान हो ऐसे प्रयास किए जाएं। शहर के प्रमुख स्थानों पर रात्रिकालीन सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि सभी शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने की दिशा में कार्य किया जाए। संजीवनी क्लीनिक प्रभावी रूप से संचालित हों, इन पर विशेष ध्यान दिया जाए। शहर में 40 संजीवनी क्लीनिक प्रारंभ हुए हैं उनका क्रियान्वयन बेहतर ढंग से शेष संजीवनी क्लीनिकों को भी शीघ्र प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जाए।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने बैठक में कहा है कि आम लोगों के राजस्व प्रकरणों का निराकरण समय पर हो इसके लिये शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु शिविरों का आयोजन किया जाए। राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिये जो समय-सीमा निर्धारित है उसमें ही प्रकरणों का निराकरण हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक में रोजगार मेलों के आयोजन के साथ-साथ मुख्यमंत्री कन्या विवाह के आयोजनों को भी प्रभावी रूप से करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी कलेक्टर आशीष तिवारी ने बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। गर्मी के मौसम में पेयजल वितरण व्यवस्था को और गंभीरता से देखा जायेगा तथा कोई भी समस्या न आए यह सुनिश्चित किया जाएगा।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









