ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने स्टेशन से ई रिक्शा से पहुंचे घर

May 17 2022

ग्वालियर। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपनी कार्यशैली के लिए हमेशा में चर्चा में रहते हैं। कभी वे सड़क पर किसी ठेला वाले की मदद करने लगते हैं तो कभी वे मंदिर के आगे से गुजरते समय सुंदरकांड में पहुंचकर वाद्य यंत्र बजाने लगते हैं या फिर कभी नाली साफ करने के लिए नाले में स्वयं ही उतर जाते हैं। लेकिन मंगलवार को उनका नया रूप ही सामने आया। वे भोपाल से ट्रेन से आए और स्टेशन से वे ई रिक्शा में बैठकर अपने घर पहुंचे। हालांकि उन्हें लेने के लिए प्रोटोकाल के मुताबिक प्रशासन ने वाहन भेजे थे और उनके समर्थक भी वाहन लेकर आए थे। लेकिन ऊर्जा मंत्री ने ई रिक्शे को ही घर जाने के लिए चुना। उनके साथ ई रिक्शा में कुछ समर्थक भी बैठे।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मंगलवार को भोपाल से ग्वालियर आए। सुबह जब वे स्टेशन पर उतरे तो उनके लिए प्रशासन ने वाहन लगाए थे। लेकिन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार के बाहर आते ही उन्होंने वहां पर खड़े एक ई रिक्शा को बुलाया और उसमें बैठ गए। हालांकि पहले तो ई रिक्शा चालक थोड़ा सा हिचका। लेकिन बाद में वह ऊर्जा मंत्री के पास पहुंच गया। ऊर्जा मंत्री दो समर्थकों के साथ उसमें बैठ गए और घर के लिए रवाना हो गए। उनके गार्ड व अन्य साथी पीछे पीछे अन्य वाहनों से पहुंचे।
घर जाते समय ऊर्जा मंत्री ने बीच में पड़े हजीरा अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बात की और अस्पताल की सफाई व्यवस्था को भी देखा। इसके बाद श्री तोमर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के निर्माणाधीन भवन को देखने के लिए पहुंच गए। भवन का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने स्कूल मैदान में खेल रहे बच्चों से भी बात की। इसके बाद ऊर्जा मंत्री घर पहुंचे।