युवती की दूसरी जगह सगाई होने पर- प्रेमिका की हत्या के बाद प्रेमी ने की आत्महत्या!

May 17 2022

ग्वालियर। प्रेम प्रसंग के चलते एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को पहले सोमवार देर रात गोली मारी, फिर मंगलवार को खुद को शूट कर अपनी प्रेम कहानी का अंत कर दिया। प्रेमिका को गोली मारने वाले प्रेमी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आशंका जताई है कि आरोपी ने खुदकुशी है। वह अपनी प्रेमिका की दूसरी जगह सगाई होने से नाराज था। पुलिस रात भर से गिर्राज की तलाश कर रही थी।
सोमवार रात को मुरार स्थित बैजल कोठी के पास युवती के सिर में गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस रात भर तलाश रही थी। लेकिन आरोपी का शव भाऊ साहब पोतनीश एंक्लेव के पास मैदान में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके से पुलिस को उसके पास कट्टा पड़ा था। जिसमें चला हुआ कारतूस फंसा था। जेब से एक कट्टा और मिला है। इसके अलावा गिर्राज के पास से एक पिस्टल भी मिली है। जिसमें मैग्जीन में पांच राउंड फंसे हैं। साथ ही पास में काले रंग की बाइक भी मिली है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस को फिलहाल समझ में नहीं आ रहा है कि आरोपी ने खुद आत्महत्या की है या फिर उसकी किसी ने हत्या की है।
उल्लेखनीय है कि भौंती तहसील पिछोर जिला शिवपुरी निवासी मुन्नालाल गुप्ता बेटी व पत्नी के साथ मुरार स्थित बैजल कोठी के पास किराये के मकान रहते हैं। मृतका का पिता मुन्नालाल गुप्ता चाय का ठेला लगाता है। 
 माता-पिता बेटी की शादी की तैयारियों के सिलसिले में गांव गये थे। घर में 20 साल की बेटी साक्षी गुप्ता को 12 साल की मौसेरी बहन के साथ घर पर छोड़ गये थे। साक्षी रात आठ बजे के लगभग दर्शन करने के लिए घर से मंदिर जा रही थी। घर से कुछ ही दूरी पर मुंह पर कपड़ा लपेटे एक युुवक खड़ा था। युवक के बारे में बताया गया है कि वह गिर्राज कटारे था। आरोपी ने पीछे से साक्षी गुप्ता के सिर में गोली मार दी और बाइक से फरार हो गया। युवती को अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि मामला प्रेम प्रसंग का था और युवती की डेढ़ महीने पहले सगाई हुई थी और उसकी शादी जून के महीने में है।
आरोपी गिर्राज कटारे तीन भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर का था। साक्षी गुप्ता से कुछ वर्षों से अफेयर चल रहा था। उससे शादी करने का वादा किया था। गिर्राज ने अपने भाई दिनेश कटारे को भी युवती से शादी करने की बात कही थी। जब गत 4 अप्रेल को साक्षी की सगाई अन्यत्र हो गई तभी से वह गुमसुम सा रहने लगा। गिर्राज जेके टायर फैक्ट्री में ड्राइवर की नौकरी करता था। दो महीने से उसने नौकरी पर जाना भी बंद कर दिया था। भाई दिनेश कटारे ने बताया कि गिर्राज साक्षी की कॉलेज की फीस भरने से लेकर हर सुख सुविधा का इंतजाम करता था। उसने उसे लैपटॉप और मोबाइल भी खरीदकर दिया था। जब उसे साक्षी की सगाई की खबर मिली तभी से वो मानसिक अवसाद में था।
आरोपी की रात भर से कर रही थी पुलिस तलाश
संदेही आरोपी गिर्राज कटारे की तलाश पुलिस रात भर करती रही। लेकिन वह नहीं मिला। लेकिन सुबह पुलिस को सूचना मिली कि भाऊ साहब पोतनीश एंक्लेव के पास खुले मैदान में शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान साक्षी गुप्ता को गोली मारने वाले संदेही गिर्राज कटारे के रूप में हुई। 
भाभी को प्रेमिका के घर ले जाकर हाथ मांगा, पर मना हो गया
चार साल से चल रही एक लव स्टोरी का दुखद अंत हुआ है। पे्रमिका के शादी से न करने से खफा प्रेमी ने उसकी हत्या के बाद अपने दिल से गोली आरपार कर दी। खुद को गोली मारने से पहले वह चिल्ला रहा था कि धोखा खाए इस दिल की धड़कन को अब धड़कने का हक नहीं। एक साथ रह नहीं सके तो क्या पर दोनों का पोस्टमार्टम एक साथ हुआ है। यह कदम उठाने की शुरूआत चार महीने पहले हुई थी, जब पे्रमी (गिर्राज कटारे) अपनी भाभी को लेकर पे्रमिका (साक्षी गुप्ता) के गांव तक रिश्ते की बात करने पहुंचा था। पर साक्षी के पिता ने इनकार कर दिया था। साक्षी ने भी अपने पिता की साइड ली थी। इसके बाद गिर्राज अपनी मां के साथ भी गया, लेकिन बात नहीं बनी। उसने पे्रमिका से भाग कर शादी के लिए कहा, लेकिन उसने न कर दिया। बस इसी न से वह खफा था। यही कारण था कि सोमवार रात बाजार से लौट रही साक्षी के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद मंगलवार सुबह आत्महत्या कर ली।
शिवपुरी भौंती निवासी 20 वर्षीय साक्षी गुप्ता ग्वालियर के मुरार बैजल कोठी में किराए पर रहकर पढ़ाई करती है। चार साल से वह यहां रह रही थी। कॉलेज आते-जाते समय 6 नंबर चौराहा निवासी गिर्राज कटारे से उसकी पहचान हुई और दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। साक्षी और गिर्राज एक दूसरे से इतना प्यार करते थे कि युवती को कई बार वह अपने घर पर ले जाकर परिवार से मिलवा चुका था। सबकुछ ठीक चल रहा था। चार साल तक दोनों का प्यार परवान चढ़ा पर चार महीने पहले साक्षी की शादी की बात चलने लगी और यहां से यह रिश्ता बिगडऩे लगा। गिर्राज उसको लेकर काफी गंभीर था। चार महीने पहले वह अपनी भाभी को लेकर साक्षी के घर रिश्ते की बात करने पहुंचा। वहां जाति अलग-अलग होने पर युवती के मां-पिता ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद भी गिर्राज ने काफी प्रयास किया, लेकिन युवती के परिजन नहीं माने। उसने साक्षी से भागकर शादी के लिए कहा तो वह नहीं मानी। इसी के साथ चार साल पहले शुरू हुई इस लव स्टोरी का दुखद अंत हो गया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिए है। इसके साथ ही एफएसएल की टीम वारदात स्थल से साक्ष्य एकत्रित कर रही है। ऐसे में प्रेम प्रसंग के चलते हुई इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने में मुरार थाना पुलिस, गोले का मंदिर थाना और क्राइम ब्रांच मामले की जांच शुरू कर दी है।