ग्वालियर भीषण गर्मी की चपेट में, 45 डिसे के पार आसमान से मानो आग बरसी

May 14 2022

ग्वालियर। दोपहर 12 बजे के बाद आसमान से मानो आग बरस रही थी। घर की देहरी लांघते ही गर्म हवा के थपेड़े गाल पर चांटे के समान पड़ रहे थे। धूप में किसी के लिए भी चंद मिनट खड़े रहना मुश्किल हो रहा था। दोपहर ढाई बजे तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। छत पर रखी पानी की टंकियां भी तप गई थीं, जिसके कारण नलों से भी गर्म पानी आ रहा था।
बंगाल की खाड़ी में आया असानी तूफान आंध्र प्रदेश में कम दबाव के रूप में सक्रिय है। यह कम दबाव का क्षेत्र पश्चिमी हवा को अपनी ओर खींच रहा है, जिससे चलते राजस्थान की गर्म हवा मजबूत हुई हैं। गत दिवस इस हवा की गति बढ़ गई थी। जिससे अधिकतम तापमान 46.2 डिसे रिकार्ड हुआ था। इस कारण शनिवार को सुबह से ही सूरज की तल्खी बढ़ी हुई थी। जैसे-जैसे दिन गुजरा वैसे-वैसे तापमान में बढ़ोतरी हो गई। दोपहर में आसमान से आग बरसने लगी। दोपहर ढाई बजे सड़कों पर गिनती के ही वाहन दिखाई दे रहे थे।
बिजली ने किया बेहाल, लोगों को कराया रतजगा
शहर में अधिकतम तापमान बढऩे से बिजली ने भी लोगों को बेहाल कर दिया। बिजली की खपत बढऩे से ट्रिपिंग व फाल्ट बढ़ गए। ट्रांसफार्मर भी फेल हुए, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई। पावर ट्रांसफार्मर हीट होने की वजह से बिजली बंद कर रहे थे। पिछले दिनों की तुलना में शिकायतें अधिक रही। फ्यूज आफ काल्स पर भी देर से फोन लग सके। रात में लोग रतजगा कर रहे हैं।