बड़ागांव हाइवे पर बाइक सवारों ने किशोरी को गोली मारी, हालत गंभीर

May 13 2022

ग्वालियर। तीन दिन पहले युवक के साथ गायब हुई टेकनपुर निवासी किशोरी को अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मार दी। घटना गत रात मुरार बड़ागांव हाइवे की है। घटना के समय युवक भी उसके साथ था और वही उसे गोद में उठाकर मुरार तक इलाज के लिए लेकर आया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर संदेह के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया है। गोली किशोरी के दिल के ऊपरी हिस्से में लगी है। जेएएच में भर्ती किशोरी की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस को युवक और किशोरी के परिवार वालों पर भी संदेह है। किशोरी के साथ गायब हुए टेकनपुर निवासी युवक हरेंद्र गुर्जर ने पुलिस को बताया कि हम दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के लिए हम नौ मई को घर से भागकर दिल्ली पहुंचे। हमें पता चला कि परिवार वाले हमें ढूंढ रहे हैं। इसलिए गुरुवार को दिल्ली से एक ट्रक में बैठकर ग्वालियर आए। बड़ागांव हाइवे पर शादी करने के लिए किसी मंदिर की तलाश कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार कुछ लोग आए और उन्होंने किशोरी को गोली मार दी। 
हरेंद्र ने बताया कि किशोरी को गोली लगने के बाद वह उसे गोद में उठाकर मुरार तक पहुंचा। यहां पुलिस की मदद से किशोरी को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी अमित सांघी और एएसपी राजेश दंडौतिया मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले के हर पहलू पर जांच कर रही है। पुलिस को किशोरी और युवक के घरवालों पर तो संदेह है ही, वे युवक की कहानी पर भी पूरी तरह विश्वास नहीं कर रहे है। क्योंकि युवक ने घटना का जो स्थान बताया है वह सूनसान इलाका है। किशोरी और युवक के वहां होने की सूचना हमलावरों को कैसे लग गई। पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर देगी।