गांजे के साथ इनामी तस्कर कैंसर की पहाडिया सेे गिरफ्तार

May 12 2022

ग्वालियर। अंचल के बड़े गांजा तस्कर प्रदीप शर्मा को क्राइम ब्रांच व झांसी रोड थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कैंसर पहाडिय़ा के पास से पकडा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी आठ किलो गांजा बाइक पर रखकर शिवपुरी लिंक रोड की तरफ सप्लाई करने के लिये जा रहा था। तस्कर ने दो माह पहले ही हैदराबाद से 900 किलो गांजा आगरा सप्लाई करने के लिये केले के ट्रक, में छिपाकर मंगाया था। पुलिस ने गांजे के साथ आरोपी के तीन साथियों को पकड़ा था। आरोपी की पुलिस तभी से तलाश कर रही थी। प्रदीप की गिरफ्तारी पर एसएसपी अमित सांघी ने पांच हजार का इनाम घोषित किया था।
एसएसपी अमित सांघी ने नशे को लेकर जीरो टोलरेंस की मुहिम पिछले तीन माह से चला रखी है। केले के ट्रक से भारी मात्रा में गांजे के साथ पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा था। आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया था कि मूल रूप से पोरसा जिला मुरैना निवासी प्रदीप पुत्र रामसेवक हाल निवासी शंकरपुर का पूरा खेला है। इससे पहले वह भिंड व मुरैना में गांजे की सप्लाई कर चुका है। उसके तार दिल्ली, आगरा व आंध्रा प्रदेश के गांजा तस्करों से जुड़े हुये हैं। एसएसपी ने अंचल के सबसे बड़े गांजा तस्कर को पकडऩे के लिये क्राइम ब्रांच को विशेष टास्क दिया था। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिये लगातार उस पर दवाब बनाये हुई थी।
एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया ने बताया कि सूचना मिली की तस्कर कैंसर पहाडिय़ा से शिवपुरी लिंक रोड की तरफ बाइक से निकलने वाला है। उसके पास प्लास्टिक की बोरी में गांजा भी है। इस सूचना पर डीएसपी क्राइम रत्नेश तोमर व विजय सिंह भदौरिया को इनामी को पकडऩे के लिये जाल बिछाने के लिए कहा गया। क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी डीपी गुप्ता व झांसी रोड थाना प्रभारी संजीवनयन शर्मा की टीम ने घेराबंदी कर कैंसर पहाडिय़ा के हनुमान मंदिर के पास से आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की बाइक के पीछे एक प्लास्टिक का कट्टा बंधा हुआ था। इस कट्टे को खोलकर देखने पर उसमें गांजा निकला। वजन कराने पर पता चला कि कट्टे आठ किलो गांजा था। आरोपी के खिलाफ एक और नारकोटिक्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्रदीप को पकडऩे के बाद पुलिस ने आरोपी से आगरा व हैदराबाद के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।