जमीन के लिए भाई की हत्या, दो गिरफ्तार

May 11 2022

ग्वालियर। जमीन के लिए भाई और भतीजे ने सारे रिश्ते भुला दिए। भाई ने बेटे के साथ मिलकर बड़े भाई पर लाठी, डंडों से हमला बोल दिया। अधेड़ उम्र के भाई को पीट-पीटकर मार डाला। हंगामा और फसाद की खबर मिलते ही डायल100 मौके पर पहुंची। डायल100 के जवानों ने हालात पर काबू करना चाहा, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया। डायल 100 के जवानों व चालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पथराव कर गाड़ी तोड़ दी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो हमलावरों को पकड़ लिया है। घायल जवान, पायलट को अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतक के शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। 
एएसपी देहात जयराज कुबेर ने बताया कि डबरा देहात के इटायल गांव निवासी विशाल पुत्र विजय सिह रावत का जमीन के बंटवारे पर भाई होतम सिंह से विवाद हो गया। 5 बीघा जमीन के लिए पहले मुंहबाद होता रहा, पर जब विवाद बढ़ा तो होतम सिंह ने बेटे राकेश के साथ मिलकर लाठी, डंडे से विशाल सिंह को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। विवाद बढ़ता देखकर आस-पास रहने वालों ने पुलिस को सूचना दी। डायल100 पर पदस्थ आरक्षक संदीप जाट, सैनिक चंदन सिंह रावत व पायलट रवि शर्मा मौके पर पहुंचे।
पुलिस को डराने बाइक में लगाई आग, फिर पीटा
पुलिस को देखकर होतम सिंह ने बाइक में आग लगा दी। जब पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर हमला बोलकर मारपीट व पथराव कर दिया, जिससे पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव से डायल100 का कांच टूट गया। किसी तरह वहां से पुलिस कन्ट्रोल रूम को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब आसपास के थानों से फोर्स पहुंचा, तो हमलावरों को तेवर ढीले हुए। जिसके बाद उनको काबू में किया।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में करने के बाद घायल पड़े विशाल सिंह, डायल100 के जवान व चालक को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में अधेड़ को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। उनका कहना है कि काफी देर पहले ज्यादा खून पहने से मौत हो गई है। घटना स्थल से कड़ी मशक्कत के बाद दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ, हत्या, मारपीट, तोडफ़ोड़, शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस पड़ताल में पता चला है कि चार दिन पहले मृतक की मां का देहांत हुआ था। एक दिन पहले मां के जेवरों का बंटवारा हुआ है। जेवर का बंटवारा होने के बाद जमीन के बंटवारा पर बहस चल रही थी। इसी पर विवाद हुआ और खूनखराबा हो गया है।
एएसपी देहात जयराज कुबेर का कहना है कि जमीन को लेकर दो भाइयों में झगड़ा हुआ है। जिसमें एक भाई की मौत हो गई है। डायल100 पर भी हमला हुआ है। मामला दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।