लोडिंग वाहन से 5 लाख रूपये के गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार

May 10 2022

ग्वालियर। एसएसपी अमित सांघी के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में जीरो टोलरेंस नीति के तहत अवैध मादक पदार्थो की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में एसएसपी को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि शिवपुरी की तरफ से आ रहे एक सफेद रंग के लोडिंग वाहन में गांजे की तस्करी की जा रही है। उक्त सूचना पर एएसपी क्राइम राजेश डण्डोतिया को क्राईम ब्रांच की टीम से मुखबिर सूचना की तस्दीक कर संदिग्ध गांजा तस्कर को पकडऩे हेतु निर्देश किया गया। एएसपी क्राइम राजेश डण्डोतिया ने एएसपी सत्येन्द्र सिंह तोमर से समन्वय स्थापित करते हुए शिवपुरी से आ रहे लोडिंग वाहन को पकडऩे के लिये क्राईम ब्रांच के अलावा थाना मोहना, घाटीगांव पुलिस को भी वाहन चैकिंग लगाने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस द्वारा बसौटा तिराहा हाईवे पर वाहन चैकिंग प्रारम्भ की गई। वाहन चैकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक सफेद रंग की लोडिंग वाहन शिवपुरी की तरफ से आती दिखी, लोडिंग चालक द्वारा पुलिस चैकिंग को देखकर अपने वाहन को वापस लौटाने का प्रयास किया गया, लेकिन चैकिंग कर रहे पुलिस जवानों द्वारा उसे घेरकर पकड़ लिया गया। 
पूछताछ में लोडिंग वाहन चालक द्वारा स्वयं को इन्दौर का रहने वाला बताया। लोडिंग वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के पीछे लाल रंग की दरी से ढकी हुई दो प्लास्टिक की बोरी मिली, जिन्हे खोलकर देखा गया तो उसके अन्दर गांजा भरा हुआ था, तौल करने पर एक प्लास्टिक की बोरी में 30 किलो 500 ग्राम तथा दूसरी बोरी में 19 किलो 500 ग्राम गांजा पाया गया। दोनों बोरियों में कुल 50 किलोग्राम गांजा कीमती 5 लाख रूपये का जप्त किया गया। गांजे के संबंध में पूछने पर पकड़े गये तस्कर ने बताया कि वह उक्त गांजा नागपुर से इन्दौर होते हुए फरीदाबाद(दिल्ली) लेकर जा रहा था। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये तस्कर से गांजे के संबंध में पूछताछ की जा रही है।