दंपति से पर्स लूटने वाले लुटेरे पुलिस ने 12 घंटे में गहने, मोबाइल व पर्स के साथ दबोचे

May 09 2022

ग्वालियर। फूलबाग पर गत देर शाम को दंपति से पर्स लूटने वाले दो पेशेवर बदमाश राहुल भार्गव व निखिल मराठा को पुलिस ने वारदात के 12 घंटे के अंतराल में दबोच लिया है। पुलिस ने लुटेरों तक पहुंचने के लिए 10 किलोमीटर के चार रास्तों पर पैदल घूमकर 300 के लगभग सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। लक्ष्मण तलैया रोड पर ब्यूटी पार्लर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक बदमाश का चेहरा नजर आते ही लुटेरों की पहचान हो गई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को घर में सोते हुए दबोच लिया। एक बदमाश ने पुलिस को दरवाजे पर खड़ा देखकर कूदकर भागने का प्रयास किया। और उसका बांया हाथ टूट गया और पूरा शरीर छिल गया। पुलिस आरोपियों से शहर में हुई अन्य लूट की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। लुटेरे डेढ़ माह पहले ही जमानत पर छूटे हैं। 
एसएसपी अमित सांघी ने लुटेरों को पकडऩे वाली टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया है। पुलिस ने लुटेरों से लूटे गये गहने, मोबाइल व पर्स के साथ लूट के उपयोग किया गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
दुस्साहसिक तरीके से की थी लूट की वारदात
तानसेन नगर पेट्रोल पंप के पास निवासी राजू चंदोलिया व मधु चंदोलिया रविवार को परिवार में शादी होने के कारण गहने खरीदने के लिये सराफा बाजार आये थे। राजू बिजली की सजावट का काम करता है। दंपति ने डेढ़ लाख रुपये की कीमत के कानों के झूमके, मंगलसूत्र का लाकेट, चांदी के पायेजब व बीछिए खरीदने के बाद पर्स में बिल सहित रख लिये। दंपति गहने खरीदने के बाद खुशी-खुशी घर जा रहे थे। फूलबाग पर नौगजा रोड पर सिल्वर कलर के स्कूटर पर आये दो बदमाशों ने पीछे से आकर महिला के पर्स पर झपट्टा मारकर लूटकर ले गये। बदमाश सराफा बाजार से ही दंपति के पीछे लग गये थे।
लुटेरे ने पीछे से आकर महिला के पर्स पर झपट्टा मारा। चूकि महिला ने पर्स के दोनों बेल्टों को हाथ में लपेट रखा था। इसलिए बदमाशों के झपट्टा मारते ही दंपति स्कूटर से सड़क पर बुरी तरह से घिरे। मधु पर्स के साथ सड़क पर घसीटती चली गई। बदमाश चलती गाड़ी से पूरी ताकत से झटका मारने पर गहनों का पर्स लूटकर ले गये। महिला ने सबसे पहले लूट की सूचना एसएसपी को काल कर दी। एसएसपी ने तत्काल सीएसपी विजय भदौरिया को इंदरगंज थाने की टीम के मौके पर पहुंचने के लिये निर्देशित किया।
रात 12 बजे हुई पहचान, दो बजे दबौचा, और तीन बजे माल बारमद किया
लूट की वारदात के सीएसपी विजय भदौरिया व इंदरगंज थाना प्रभारी अनिल भदौरिया अपनी टीम के साथ सीसीटीवी कैमरे को देखते हुये खेड़ापति, सेवानकगर, किलागेट, घासमंड़ी, कोटेश्वर, बहोड़ापुर होते ही लक्ष्णण तलैया पहुंचे। जहां एक ब्यूटी पार्लर पर एक लुटेरे का खुला चेहरा नजर आ गया। एसएसपी ने इस लूट की वारदात को ट्रेस करने के लिये इंदरगंज के अलावा, क्राइम ब्रांच, किलागेट व बहोड़ापुर थाने की टीम को लगाया था। रात 12 बजे लुटेरों की पहचान राहुल (30वर्ष) पुत्र हरिओम भार्गव निवासी मथुरा प्रसाद का बाड़ा जीवाजीगंज व निखिल (23वर्ष) पुत्र सुभाष मराठा निवासी न्यू जागृति नगर लक्ष्मीगंज के रूप हुई। पुलिस ने रात दो बजे दोनों आरोपियों को उनके घरों से दबौच लिया। तीन बजे टीम ने एसएसपी को लुटेरे पकडऩे के साथ माल बरामद होने की सूचना दी।
रात की नींद नहीं आई, पूरी रात रोती रही, सुबह गहने मिलने पर प्रसाद बांटा
पुलिस ने सुबह राजू व मधु चंदोलिया को लुटेरों के पकड़े जाने व गहने बरामद होने की सूचना दी। गहने बरामद होने की खबर सुनकर दंपति का खुशी का ठिकाना नही रहा। मधु ने थाने आकर पुलिस को बताया कि रातभर रोती रही, उसे नींद नहीं आई। भगवान से एक ही दुआ मांगती रही कि बस बदमाश पकड़ जाए। ऐसा नहीं हो कि बदमाश पकड़े जाने से पहले गहने बेच खाएं। उसे भरोसा नही था कि पुलिस इतनी जल्दी लुटेरों को पकड़ लेगी। सुबह गहने मिलने की खबर सुनकर उसने प्रसाद बांटा