दोस्त ने दारू पार्टी में दोस्त के सीने में घोंपे चाकू

May 08 2022

ग्वालियर। दारू पार्टी के लिए बुलाकर लाए युवक ने दोस्त के सीने में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव स्थित एचजी ग्रुप के सामने गत रात करीब ढाई बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भर्ती कराकर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर एक घंटे की मशक्कत के बाद दबोच लिया है। पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ का प्रयास किया, लेकिन ज्यादा नशे में होने के कारण उससे पूछताछ नहीं हो सकी है।
मांडरे की माता के पीछे आयुर्वेदिक कैंपस निवासी मनीष राजपूत पुत्र भूप सिंह राजपूत कंपू थाने का निगरानीशुदा बदमाश है। बीते रोज उसके दोस्त ने उसे मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव चौराहे पर एचजी गु्रप कंपनी के पास चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया। घटना का पता उस समय चला जब एचजी ग्रुप के गार्डों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माना, जिस पर गार्डों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 100 मौके पर पहुंची और डायल 100 पर पदस्थ आरक्षक दुर्गेश और गजेन्द्र सिंह व पायलट मोहम्मद अहमद ने घायल को बचाया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल ने बताया कि आरोपी उसे गत शाम चार बजे उसके घर से दारू पार्टी के बहाने लेकर आया और उसे जमकर दारू पिलाई, उसे अंदेशा भी नहीं था कि वह उसके साथ वारदात को अंजाम दे देगा। जैसे ही बड़ागांव पहुंचे तभी उसने चाकू निकालकर पहला वार सीने पर किया और उसके बाद उसके हाथ रुके नहीं, जब तक गार्ड व पुलिस नहीं आई।
घायल ने पुलिस को बताया कि आरोपी को शंका है कि वह उसकी पत्नी से बात करता है, इसलिए ही उसने वार किए हैं। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी का नशा उतरने का इंतजार कर रही है, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके।  
पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने सबसे पहले अपने खून से सने कपड़े फेंक दिए और सड़क किनारे जाकर सो गया। जिस जगह आरोपी सोया हुआ था, वहां से सर्चिंग करते हुए पुलिस दो बार निकली, लेकिन तीसरी बार पहुंचे जवानों ने आरोपी को पहचान लिया और उसे दबोच लिया।
इस बारे में टीआई मुरार शैलेन्द्र भार्गव दोस्त को दारू पार्टी के नाम पर ले जाकर चाकू मारने वाले आरोपी को पकड़ लिया है। अभी आरोपी नशे में है और उसका नशा उतरने का इंतजार कर रही है। जिसके बाद आरोपी से पूछताछ की जाएगी।