क्रिकेट मैदान और परेड ग्राउंड के लिए खत्म की जा रही है वनभूमि

May 06 2022

ग्वालियर। कम्पू क्षेत्र में स्थित विशेष सशस्त्र बल की द्वितीय वाहिनी सेनानी कार्यालय परिसर में स्थित वन को खत्म कर क्रिकेट मैदान और परेड ग्राउंड बनाया जा रहा है। विभाग के इस निर्णय का क्षेत्रवासी विरोध कर रहे हैं, रहवासियों का कहना है कि इस परिसर में हजारों वृक्ष मौजूद हैं और कई पक्षियों, गिलहरियों का निवास है, इसे लोग मयूर वन के नाम से जानते हैं। इस ऑक्सीजन जोन को इस तरह से खत्म करना ठीक नहीं हैं।
ज्ञात हो कि वर्ष 2009 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रशासन और गृह विभाग के समस्त उच्च अधिकारियों और उस समय में पदस्थ बटालियन सेनानी संजय सिंह एवं समस्त विभाग के जवानों द्वारा रोपित पौधों से यह वन तैयार हुआ था। उनकेअथक प्रयासों के कारण इस क्षेत्र में हजारों वृक्षों की हरियाली होने से इस क्षेत्र में शुद्ध हवा बहती है। इस परिसर में अदूरदर्शी नीति ओर निर्णय के चलते खत्म किया जा रहा है। घने पेड़ो भरे इस वन को काटकर वहा क्रिकेट मैदान और परेड ग्राउंड बनाया जा रहा है, जोकि पूर्णत: गलत है। इस क्षेत्र के रहवासियों और जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से निवेदन किया है कि इस प्राकृतिक वातावरण को नष्ट नहीं किया जाए। जिससे कम्पू क्षेत्र का ऑक्सीजन जोन खत्म न हो और हजारो पक्षियों ओर प्राणियों का प्राकृतिक आवास उनसे न छिने।