पुलिस के हाथ लगी महिला चोर गैंग,2 लाख रुपए का माल बरामद

May 06 2022

ग्वालियर। शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली महिला चोरों की टोली को महाराजपुरा थाना पुलिस ने पकड़ा है। पकड़ी गई महिला गैंग से तीन चोरियों का खुलासा हुआ है। साथ ही गैंग से चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। पकड़ी गई महिला गैंग दिन में काम की तलाश के बहाने रैकी करती थी और रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया जाता था। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
शहर में बढ रही चोरी की वारदातों के लिए सीएसपी रवि भदौरिया द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्हें पता चला कि भदरौली रोड पर एक स्कूल के पास कुछ संदिग्ध महिलाएं खड़ी हैं। उन्होंने पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंची टीम को तीन संदिग्ध महिलाएं खड़ी दिखाई दीं। पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध महिलाओं ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम द्वारा तीनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये संदिग्धों से पूछताछ करने पर उन्होंने थाना महाराजपुरा क्षेत्र में तीन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
इन चोरियों का खुलासा
18 फरवरी की रात में बीना विहार कॉलोनी स्थित एक मकान से सोने-चांदी के जेवर चोरी किए।
21 मार्च की रात में शताब्दीपुरम् एस ब्लॉक स्थित मकान का ताला तोडकऱ वहां से एक सोने की चैन, दो अंगूठी, नगदी चुराए।
22 मार्च की रात में शताब्दीपुरम् स्थित एक निर्माणाधीन मकान से नल की टोंटी, नल फिटिंग का सामान, अन्य मशीनें व कटर चोरी किया था।
यह माल हुआ बरामद
पकड़ी गई महिला चोर गैंग से पुलिस ने एक सोने की चेन, 4 सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, बिछिया, ग्राईंन्डर मशीन, कटर, नल की टोंटी व बिजली बल्ब सहित अन्य सामान कीमती लगभग 2 लाख रुपए का बरामद किया गया है।