सिस्टम व धूलभरी आंधी ने बढ़ाया रात का पारा

May 04 2022

ग्वालियर। अंचल में सक्रिय सिस्टम व वातावरण में बढ़ी नमी ने दिन के पारे की चाल पर ब्रेक लगा दिया है। वहीं बीते दो दिनों से लगातार चल रही धूल भरी आंधी व अंचल में एक्टिव सिस्टम के चलते रात के पारे में लगातार बढ़ोतरी होने से रात में गर्मी परेशान करती दिख रही है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आगामी तीन दिनों तक अधिकतम पारा 45 डिग्री से नीचे बने रहने व सिस्टम के चलते दिन में धूलभरी आंधी व दोपहर बाद लोकल हीटिंग के चलते आसमान में हल्के परत के छाए बादलों के चलते गर्मी से हल्की राहत अंचलवासियों को मिलती रहेगी।
बुधवार सुबह शहरवासी घरों से बाहर निकले तो चार से छह किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हवा गर्मी से राहत देती दिखी। लेकिन दिन चढऩे के साथ ही सूरज की तपिश का साथ मिलने से चल रही गर्म हवा सड़कों पर निकले लोगों को गर्मी का अहसास कराती दिखी। हालांकि बुधवार सुबह तापमान पिछले दिनों के मुकाबले दो डिग्री कम रहने से अप्रैल में ही हीटवेव का सामना कर चुके शहरवासी गर्मी से राहत महसूस करते दिखे।
आठ मई से फिर पारा मारेगा जोर
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि इस सप्ताह तापमान में अधिक उछाल देखने को नहीं मिलेगा। बीच-बीच में हल्के बादल व राजस्थान व गुजरात के रास्ते अंचल में आ रही उत्तर-पश्चिमी हवा गर्मी से राहत देगी, साथ ही आने वाले दिनों में धूल भरी आंधी दोपहर बाद चलने से पारे में उछाल नहीं आएगा। लेकिन सात मई को सिस्टम के कमजोर पड़ते ही आठ मई से अधिकतम तापमान बढ़ते ही एक बार फिर अंचल भीषण गर्मी की चपेट में जकड़ा दिखेगा।