मकान तोडऩे के विरोध में आप ने घेरी कमिश्नरी

May 04 2022

ग्वालियर। सिरोल रोड स्थित फूटी कॉलोनी के मकानों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय का घेराव किया। फूटी कॉलोनी में रहने वाले लोगों को प्रशासन द्वारा मकान तोडऩे का नोटिस जारी किया गया है।
मकानों को तोड़े जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि भूमाफिया के इशारे पर प्रशासन लोगों के घर उजाडऩा चाहता है। एक ओर जहां प्रशासन लोगों को पट्टे जारी कर रहने के लिए जगह दे रहा है, वहीं दूसरी ओर पहले से रह रहे लोगों को उजाडऩे का षडय़ंत्र किया जा रहा है। फूटी कॉलोनी में रहने वाले 104 लोगों को प्रशासन ने मकान तोडऩे का नोटिस जारी किया है।  एक ओर भाजपा लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हुई है।
भीषण गर्मी में शहर के लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं। अघोषित बिजली कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर, प्रदेश प्रवक्ता अमित शर्मा, भानु परिहार, भूपेंद्र कराना, रोहित गुप्ता, कुलदीप बाथम, अनीश खान आदि शामिल थे।