शव थाने की दहलीज पर रख किया घेराव, दबाब में आई पुलिस ने किया हत्या का प्रकरण दर्ज

May 02 2022

भितरवार। खडीचा गांव में हुई एक बृद्ध की संदिग्ध मौत के मामले में बृद्ध के परिजन और भीम आर्मी ने जमकर हंगामा किया। उनके द्वारा बताए गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज न होने पर गुस्साए परिजनों ने बृद्ध के शव को थाने की दहलीज पर रखकर दिनभर विरोध प्रदर्शन किया। जिसके दबाब में आई पुलिस ने तीन नामजद और 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। 
जानकारी के अनुसार बीते रोज थाना क्षेत्र के ग्राम सांखनी निवासी 60 वर्षीय बृद्ध लक्ष्मण सिंह जाटव पुत्र देवजू का खडीचा गांव में संधिग्ध परिस्थिति में शव मिला था। जिसे पुलिस थाने लेकर पहुँचे परिजनों ने खडीचा गांव के महेंद्र सिंह गुर्जर पर हत्या आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करने की मांग की। जिस पर देर रात तक मामले की जांच में जुटी पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाही का आश्वासन दिया। और दूसरे रोज मृतक बृद्ध के शव का पीएम कराया गया। पीएम उपरांत परिजन और भीम आर्मी के लोग बृद्ध के शव को एक बार फिर पुलिस थाने लेकर पहुँचे। जहां उन्होंने थाने की दहलीज पर शव रखकर पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। दिनभर अपनी मांग पर अड़े मृतक बृद्ध के परिजनों का हंगामा से दबाब में आई पुलिस ने बृद्ध पुत्र आदिराम जाटव की रिपोर्ट पर महेंद्र गुर्जर, भोला गुर्जर, सतेंद्र गुर्जर एवं दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। 
उल्लेखनीय हैं कि उक्त बृद्ध इन आरोपियों के यहाँ मजदूरी करता था। जिसका शव मिलने पर आरोपी महेंद्र गुर्जर ने उसके परिजनो को सूचना दी थी। और बताया था कि लक्षमण की अत्यधिक शराब पीने से मौत हो गई है। वहीं दूसरी ओर पुलिस दर्ज कराई रिपोर्ट में मृतक बृद्ध के पुत्र ने आरोप लगाया कि मजदूरी के रुपये मांगने पर महेंद्र गुर्जर मेरे पिताजी के मुह में कपड़ा ठूस कर मार रहा था। और भोला गुर्जर, सतेंद्र गुर्जर पिताजी को झपट्टा मार रहे थे। इनके साथ दो अन्य लोग भी थे।  
इस मामले में एएसपी देहात जयराज कुबेर का कहना है कि मर्ग जांच के बाद पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पड़ताल की जा रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।