ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, दो दोस्तों की मौत

May 02 2022

ग्वालियर। बाइक सवार दो दोस्तों में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। घटना में दोनों दोस्तों की मौत हो गई है। मृतक अपने ममेरे भाई की बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। घटना आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेला की बावड़ी पर नाका पर हुआ है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। टक्कर मारने वाला ट्रक का चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया है। हादसे में जान गंवाने वाले एक दोस्त छोटू की तो एक महीने पहले ही सगाई हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। पर कोई नहीं जानता था कि उसकी किस्मत में मौत लिखी है।
पनिहार के बरई निवासी जंडेल यादव (30) पुत्र होतम सिंह यादव दुध व्यवसायी हैं। जंडेल अपने दोस्त छोटू गौड (22) पुत्र गणेश गौड के साथ मामा के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए महेन्द्रपुर तिघरा आया था। रात 3 बजे तक शादी में शामिल होने के बाद वह वापस अपने घर के लिए बाइक से आ रहे थे। अभी वह बेला की बावड़ी के पास पहुंचे ही थे कि तभी तेज गति से आ रहे ट्रक के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर सिर के बल जमीन पर गिरे और मौके पर ही जण्डेल ने दम तोड़ दिया, जबकि छोटू भी गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक अपने वाहन को गति देकर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छोटू को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव पीएम हाउस भेज कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घर में चल रही थीं शादी की तैयारियों
घटना में दोनों दोस्तों की मौत हुई है। छोटू की तो एक महीने पहले ही ग्वालियर में सगाई हुई है। अगले महीने उसकी शादी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच उसकी मौत की खबर घर पहुंची। उसकी मौत से पूरे घर में मातम पसर गया है, जबकि जंडेल शादी शुदा है और उसके दो बच्चे हैं। वह डेयरी चलाता है और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर है।
मृतक जण्डेल सिंह और छोटू का घर आमने-सामने है। दोनों में गहरी दोस्ती थी और हमेशा किसी भी कार्यक्रम या त्योहार पर दोनों साथ ही खड़े नजर आते थे, जबकि दोनों उम्र में 6 से 7 साल का अंतर था। दोनों की इस तरह मौत से मोहल्ले में मातम पसर गया है।
इस मामले में पनिहार थाना प्रभारी प्रवीण शर्मा का कहना है कि ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। शवों को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। आरोपी ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।