दौड़ती कार में आईपीएल पर पकड़ा सट्टा,दो सटोरिए पकड़े

Apr 30 2022

ग्वालियर। उपनगर मुरार से पुलिस ने सड़क पर दौड़ती कार में दो सटोरियों को पकड़ा है। यह शहर में बैठे-बैठे मुरैना, इंदौर, भोपाल के लोगों को आईपीएल पर सट्टा खिलवा रहे थे। पकड़े गए सटोरियों से पुलिस को एक लाख रुपए नगद व एक करोड़ का हिसाब मिला है। पुलिस व क्राइम ब्रांच ने दोनों सटोरियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आईपीएल शुरू होने के साथ ही यह सटोरिए सक्रिय हो गए थे। 
एएसपी क्राईम राजेश डंडौतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो सटोरिए शहर में चलती कार में आईपीएल पर सट्टा लगवाते हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और मुरार थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए टॉस्क दिया गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने कार को चिन्हित कर घेराबंदी की। टीम ने आर्मी केंट के पास से हुंडई कार क्रमांक एमपी07 सीई-3024 में सट्टा ले रहे विक्रम सिंह पुत्र दुर्गा प्रसाद कुशवाह निवासी सिकंदर कंपू तथा निक्की कुलश्रेष्ठ पुत्र दिवाकर कुलश्रेष्ठ निवासी वीरपुर को पकड़ा है। दोनों को गिरफ्तार कर उनकी कार को जब्त कर पुलिस मुरार थाना पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस ने सटोरियों की तलाशी ली तो उनके पास से एक लाख रुपए नकद के साथ ही तीन मोबाइल मिले है। जब इन मोबाइल की पड़ताल की तो उनमें एक करोड़ का हिसाब मिला। साथ ही पता चला कि वह सटोरिए दीपक चौरसिया को सट्टा उतारते हैं, इस पर पुलिस ने उसे भी सह आरोपी बनाया है। पकड़े गए सटोरियों के मोबाइल में 30 अलग-अलग आईडी मिली और उनके 200 से ज्यादा क्लाइंट हैं। जिसमें ग्वालियर, इंदौर, मुरैना के सट्टा लगाने वाले हैं।
कार सवार सटोरियों को पकडऩे के लिए क्राइम ब्रांच बीते दो दिन से लगी हुई थी, लेकिन आरोपी चलती कार में सट्टा लगवाते थे, इसलिए पकड़ में नहीं आ रहे थे। गत रात वह आर्मी केंट एरिया में पुलिस की घेराबंदी में फंस गए। एक तरफ से रास्ता बंद था और वह बच नहीं पाए।
बाइक पर ले रहा था सट्टा
सिरोल थाना पुलिस ने आईपीएल पर सट्टा ले रहे सटोरिए को डीबी सिटी के पास से पकड़ा है। पकड़े गए सटोरियों से पुलिस को नगदी, बाइक व हिसाब मिला है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए सटोरिए ने अपना नाम मनीष वर्मा पुत्र मुरारी वर्मा निवासी नितिन नगर बताया है। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि आईपीएल मैचों में सट्टा लगवाते दो सटोरियों को पकड़ा है और एक अन्य आरोपी की भी पहचान हुई है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में कुछ जानकारी मिली है। उसकी तस्दीक की जा रही है।